गुमला में चैनपुर थाना प्रभारी शैलेश कुमार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने बुधवार दोपहर 30 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि शैलेश कुमार ने महज दो दिन पहले ही चैनपुर के 22वें थानेदार के रूप में पदभार ग्रहण किया था। इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है।
ईंट पकाने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप
आरोप है कि थाना प्रभारी ने पीड़ित जयपाल नायक से अपने निजी घर के लिए ईंट पकाने के एवज में अवैध वसूली का दबाव बनाया। पीड़ित ने बताया कि वह गरीब व्यक्ति है और लगातार पुलिसिया दबाव व परेशानियों से तंग आ चुका था। मजबूर होकर उसने एसीबी रांची में शिकायत दर्ज कराई।
एसीबी ने बिछाया जाल, रंगेहाथ गिरफ्तारी
शिकायत के सत्यापन के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने ट्रैप की योजना बनाई। बुधवार दोपहर 2 बजकर 5 मिनट पर एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर शैलेश कुमार को रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया। इसके बाद टीम ने उनके आवास की लगभग 15 मिनट तक तलाशी ली।
रांची ले जाकर की जा रही आगे की कार्रवाई
तलाशी के बाद एसीबी की टीम थाना प्रभारी को दोपहर 3 बजकर 10 मिनट पर रांची ले गई, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस मामले ने पुलिस महकमे में भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि आरोपी अधिकारी ने हाल ही में पदभार संभाला था।










