लोहरदगा में 35 लाख की ब्राउन शुगर जब्त, 8 तस्कर गिरफ्तार; कार-बाइक और मोबाइल भी बरामद

Share this News:

लोहरदगा: कुड़ू पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 35 लाख रुपये कीमत की अवैध ब्राउन शुगर के साथ आठ तस्करों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से करीब 100 ग्राम हाई ग्रेड ब्राउन शुगर, आठ मोबाइल फोन, दो बाइक, एक कार और नकद राशि बरामद होने की बात सामने आयी है. हालांकि, पुलिस के अधिकारी फिलहाल पूरे मामले पर कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं.

गुप्त सूचना पर रांची की ओर से आ रही कार की जांच
बताया जाता है कि पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को सूचना मिली थी कि तीन लोग रांची से करीब 100 ग्राम हाई ग्रेड ब्राउन शुगर लेकर काले रंग की कार से कुड़ू की ओर आ रहे हैं. इसके बाद एसपी ने थाना प्रभारी नीरज झा को छापेमारी का निर्देश दिया. एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, इंस्पेक्टर चंद्रशेखर आजाद और थाना प्रभारी नीरज झा के नेतृत्व में टीम गठित की गयी. टीम ने रांची की ओर से आ रही एक काले रंग की कार को रोककर तलाशी ली. इस दौरान कार की डिक्की में छिपाकर रखी गयी ब्राउन शुगर बरामद की गयी.

पूछताछ के बाद अलग-अलग जगहों पर छापेमारी
बताया जाता है कि शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि ब्राउन शुगर की खेप कुड़ू के रास्ते दूसरे तस्कर तक पहुंचायी जानी थी. इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर छापेमारी शुरू की. चंदवा रोड से बाइक पर कुड़ू में ब्राउन शुगर की खेप लेने आ रहे दो लोगों को पकड़ा गया. उनकी निशानदेही पर छापेमारी के दौरान देर रात तीन अन्य युवकों को एक बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया. पकड़े गये आरोपियों में तस्करी के कथित मुख्य सरगना के भी शामिल होने की जानकारी सामने आयी है.

आठ मोबाइल, दो बाइक और एक कार भी जब्त
पुलिस कार्रवाई में अब तक आठ लोगों की गिरफ्तारी की बात सामने आयी है. आरोपियों के पास से करीब 100 ग्राम हाई ग्रेड ब्राउन शुगर, आठ मोबाइल फोन, दो बाइक, एक कार और नकद राशि बरामद की गयी है. बरामद ब्राउन शुगर की बाजार कीमत करीब 35 लाख रुपये बतायी जा रही है. फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से कुड़ू थाना और अन्य स्थानों पर पूछताछ की जा रही है. बताया जा रहा है कि पुलिस दोपहर बाद पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा कर सकती है.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *