हजारीबाग के होटल AK इंटरनेशनल में चार राउंड फायरिंग, मटवारी इलाके में दहशत; CCTV खंगाल रही पुलिस

Share this News:

हजारीबाग: जिले के एक होटल में अपराधियों ने बीती रात गोलीबारी करके दहशत फैला दी. कुल चार राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.

यह घटना गुरुवार रात हजारीबाग के कोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत भीड़भाड़ वाले मटवारी इलाके में स्थित ‘होटल एके इंटरनेशनल’ में हुई. इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. होटल प्रबंधन के अनुसार, रात करीब 10:00 बजे कुछ अज्ञात लोग होटल के पास पहुंचे, उन्होंने मेन गेट के शीशे पर फायरिंग शुरू कर दी. उन्होंने चार राउंड गोलियां चलाईं और वहां से फरार हो गए.

घटना के बाद होटल के कर्मचारियों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी. घटना के बाद, एएसपी अमित कुमार, एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह, कोरा थाना प्रभारी नेमधारी रजक और शहर के अन्य कई थानों के एसएचओ व पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और गहन जांच शुरू की.

हमलावरों की पहचान करने के लिए पुलिस आसपास की जगहों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. पुलिस का दावा है कि अपराधियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा. फिलहाल, इलाके में दहशत का माहौल है. हजारीबाग के एसपी अमन कुमार ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और जांच के बाद ही इस पर कोई और टिप्पणी की जा सकेगी.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *