हजारीबाग जिले के मडई खुर्द निवासी सूरज कुमार राणा की 1 जनवरी की रात करीब 10:30 बजे इंद्रपुरी चौक पर तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई। 30 वर्षीय सूरज राणा टाइल्स-मार्बल मिस्त्री थे।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना से कुछ घंटे पहले रात करीब 9 बजे सूरज राणा की चौक पर कुछ युवकों से बहस हुई थी। बहस के बाद आरोपित युवकों ने उन्हें खींचकर रेडक्रॉस भवन के पास मारपीट की और फिर लाल कोठी चौक की ओर ले जाकर तलवार से हमला किया। सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रात 10:39 बजे सूरज की मौत हो गई।
पुलिस ने कई युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। मृतक के परिवार का कहना है कि विवाद पिकनिक मनाकर लौटते समय गाने बजाने को लेकर शुरू हुआ। सूरज की शादी पांच वर्ष पहले हुई थी और उनके दो बच्चे हैं।
घटना के बाद इंद्रपुरी चौक पर सन्नाटा छा गया। ठंड के कारण भीड़ कम थी, लेकिन इलाके में लंबे समय तक हो-हल्ला सुनाई दिया। स्थानीय लोगों ने आरोपितों को सूरज को खींचते हुए देखा और पुलिस को सूचित किया, लेकिन तब तक हमला करने वाले युवक फरार हो चुके थे।










