बिहार में ट्रेन पर हमला – सीमांचल एक्सप्रेस पर फायरिंग और पथराव

Share this News:

बिहार में एक बार फिर ट्रेन पर पथराव और फायरिंग की खबर है. देर रात सीमांचल एक्सप्रेस पर उपद्रवियों ने फायरिंग और पत्थरबाजी की. यह घटना दिल्ली-हावड़ा मेन रेल लाइन पर हुई. ट्रेन जब आरा के पास चालीसवां पुल और जमीरा हॉल्ट के आस-पास थी, तभी उपद्रवियों ने बवाल मचाया. इस घटना में जनरल बोगी का शीशा भी टूट गया. साथ ही यात्रियों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही.

आरपीएफ, जीआरपी और मुफस्सिल थाने की पुलिस पहुंची
जानकारी के मुताबिक, इस घटना में किसी भी पैसेंजर के घायल होने की सूचना नहीं है. जबकि ट्रेन पर फायरिंग की सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. साथ ही पूरी घटना की छानबीन में जुट गई. आरा सदर एसडीपीओ वन राज कुमार साह, रेल डीएसपी कंचन राज समेत अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे. इसके साथ ही इस घटना की वजह से आस-पास के इलाके में भी लोगों के बीच भय का माहौल कायम हो गया.

यह हुई थी पूरी घटना
सीमांचल एक्सप्रेस पर फायरिंग और पत्थरबाजी को लेकर ट्रेन में सवार एस्कॉर्ट पार्टी के जवान संजीव कुमार से बातचीत के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. इस घटना को शराब धंधे से भी जोड़कर देखा जा रहा है. बताया जा रहा है कि सीमांचल एक्सप्रेस कोहरे की वजह से काफी देरी से चल रही थी. चालीसवां पुल और जमीरा हॉल्ट के बीच में किसी ने चेन पुल्लिंग कर ट्रेन को रोक दिया.

इसके बाद जब एस्कॉर्ट पार्टी के जवान ने टॉर्च जलाकर देखा तो अचानक पत्थरबाजी की गई. इतना ही नहीं, इस दौरान उपद्रवियों की तरफ से फायरिंग भी की गई. इस दौरान एस्कॉर्ट पार्टी के जवानों ने उपद्रवियों को खदेड़ कर पकड़ना चाहा, लेकिन वे किसी तरह भागने में सफल हो गये. जबकि घटना की वजह से ट्रेन में मौजूद पैसेंजरों के बीच भय का माहौल कायम हो गया. मौके से खोखे भी बरामद किये गए. फिलहाल, पुलिस पूरी घटना की जांच में जुटी है.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *