बिहार के मोकामा में एसिड अटैक, महिला गंभीर रूप से झुलसी

Share this News:

बिहार के मोकामा में एसिड अटैक की एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रविवार देर शाम ब्यूटी पार्लर बंद कर घर लौट रही एक महिला पर स्टेशन रोड के पास दो बाइक सवारों ने एसिड फेंक दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

निजी नर्सिंग होम से PMCH रेफर
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से पीड़ित महिला को मोकामा के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज किया गया। महिला के चेहरे पर एसिड गिरने के कारण उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज की सलाह देते हुए महिला को पटना के पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया है।

दो बाइक सवारों ने दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार महिला रोज की तरह पार्लर बंद कर घर जा रही थी। इसी दौरान स्टेशन रोड पर पीछे से आए दो बाइक सवारों ने उस पर अचानक एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। हमले के बाद महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने दो महिलाओं को किया गिरफ्तार
मोकामा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने जांच के दौरान दो महिलाओं को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस घटना के पीछे आपसी रंजिश या किसी साजिश की आशंका हो सकती है, हालांकि अभी जांच जारी है।

मोकामा में पहला एसिड अटैक मामला
स्थानीय लोगों के अनुसार मोकामा में यह पहला एसिड अटैक का मामला है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और एसिड अटैक में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *