पप्पू यादव की जमानत पर आज फैसला, MP-MLA कोर्ट में होगी सुनवाई

Share this News:

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की जमानत याचिका पर सोमवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई होगी. आज यह क्लियर हो सकता है कि पप्पू यादव जेल में ही बंद रहेंगे या फिर उन्हें राहत मिल जायेगी. पप्पू यादव को पीएमसीएच के कैदी वार्ड से रविवार को बेऊर जेल भेज दिया गया. डॉक्टरों के अनुसार, उनकी तबीयत में अब सुधार है, जिसके बाद उन्हें जेल भेजने की अनुमति दी गई.

शुक्रवार को गिरफ्तार हुए थे पप्पू यादव
इससे पहले स्वास्थ्य कारणों के कारण उन्हें पीएमसीएच के कैदी वार्ड में रखा गया था. पटना पुलिस ने पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात 31 साल पुराने एक आपराधिक मामले में गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद शनिवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने दो दिन की न्यायिक हिरासत का आदेश देते हुए उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई के लिए सोमवार की तारीख तय की. कोर्ट ने सांसद की बिगड़ती सेहत को देखते हुए इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया था.

IGIMS में पूरी रात स्ट्रेचर पर रहे सांसद
6 फरवरी की रात करीब 12 बजे उन्हें आईजीआइएमएस में भर्ती कराया गया, जहां पूरी रात वह स्ट्रेचर पर ही रहे. 7 फरवरी की सुबह उन्हें पीएमसीएच लाया गया. इसी दौरान सीने में दर्द की शिकायत के बाद पुलिस उन्हें इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान लेकर गई. जांच पूरी होने के बाद दोपहर सवा 12 बजे एंबुलेंस से उन्हें पटना सिविल कोर्ट परिसर ले जाया गया.

1995 का है पूरा मामला
कोर्ट में पेशी के बाद पुलिस उन्हें बेऊर जेल ले गई, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर वहीं से पीएमसीएच के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था. रविवार को तबीयत में सुधार के बाद उन्हें दोबारा बेऊर जेल भेज दिया गया. यह मामला 1995 का है, जब पुनाईचक इलाके में एक मकान पर अवैध कब्जे का आरोप पप्पू यादव पर लगा था. उस समय शास्त्रीनगर टीओपी में केस दर्ज किया गया था, जो बाद में गर्दनीबाग थाने को ट्रांसफर कर दिया गया.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *