झारखंड में मौसम का दोहरा मिजाज: दिन में गर्मी, सुबह-शाम बर्फीली ठंड

Share this News:

झारखंड में फरवरी के दूसरे हफ्ते में मौसम का मिजाज लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है. दिन में तेज धूप निकल रही है, जिससे गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि सुबह और शाम में ठंडी हवाओं के साथ बर्फीली ठंड महसूस की जा रही है. तापमान के इस उतार-चढ़ाव ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं. राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है. मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है.

रांची का पारा 10 डिग्री से नीचे, बढ़ी कंपकंपी
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, 2 फरवरी को रांची का न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. इसके अगले दिन तापमान बढ़कर 13 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया. करीब तीन-चार दिनों तक न्यूनतम तापमान 13 डिग्री के आसपास बना रहा, लेकिन 7 फरवरी को अचानक गिरावट दर्ज की गई और तापमान 10 डिग्री के करीब पहुंच गया. रविवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया. वहीं, अधिकतम तापमान 25 डिग्री के आसपास बना रहा. इस वजह से दिन और रात के तापमान में 14 से 15 डिग्री सेल्सियस तक का अंतर देखने को मिल रहा है.

स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है तापमान का उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के रांची के प्रमुख डॉ बाबूराज पीपी के अनुसार, अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच इतना ज्यादा अंतर स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है. दिन में लोग हल्के कपड़ों में बाहर निकल रहे हैं, जबकि सुबह-शाम ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ रही है. इस बदलाव का असर सर्दी-खांसी, बुखार और सांस से जुड़ी समस्याओं के मरीजों पर ज्यादा पड़ रहा है. अस्पतालों में मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या भी धीरे-धीरे बढ़ रही है.

जिलों में कैसा रहेगा तापमान
पूर्वोत्तर झारखंड के देवघर, धनबाद, जामताड़ा और पाकुड़ में अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 27 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है. गिरिडीह और दुमका में भी तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. उत्तर-पश्चिम झारखंड के कोडरमा, चतरा, गढ़वा और पलामू में दिन का तापमान 29 से 31 डिग्री तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री के बीच रहेगा. कुछ इलाकों में रात की ठंड अभी बनी रहेगी.

रामगढ़-रांची में ठंड बरकरार
मध्य झारखंड के बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़ और रांची में अधिकतम तापमान 25 से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. वहीं न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री के बीच बना रह सकता है. दक्षिण झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में दिन में गर्मी ज्यादा महसूस होगी. यहां अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 11 से 14 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.

14 फरवरी तक शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया है कि 14 फरवरी तक पूरे झारखंड में मौसम शुष्क रहेगा. आसमान में हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है. अगले एक-दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी. फिर इसके बाद फिर गिरावट आ सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे दिन और रात के तापमान के अंतर को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहें और स्वास्थ्य का खास ख्याल रखें.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *