रांची में सुबह-सुबह ऑफिस में लगी भीषण आग, एक घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग

Share this News:

रांची. हिनू स्थित आरसी साहू कॉम्प्लेक्स में सोमवार सुबह शिवा प्रोटेक्शन फोर्स के कार्यालय में आग लगने से अफरा-तफरी मच गयी. कार्यालय एचडीएफसी बैंक के तीसरे तल्ले के ऊपर स्थित है. स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब 8.20 बजे कार्यालय से धुआं निकलता देखा गया. इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गयी. सूचना मिलने के करीब 15 मिनट बाद दमकल विभाग की टीम तीन वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गयी.

करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.घटना के समय कार्यालय बंद था. हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है. हालांकि कार्यालय में रखे कंप्यूटर, लैपटॉप और दस्तावेज समेत अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गये. दमकल विभाग के अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जतायी है. कार्यालय में किचन भी था. गनीमत रही कि आग वहां तक नहीं पहुंची, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था.

बिरसा चौक में बैडमिंटन खेल रहे थे निदेशक
शिवा प्रोटेक्शन फोर्स के निदेशक राजेश सिंह ने बताया कि आग लगने के समय कार्यालय बंद था. वह बिरसा चौक में बैडमिंटन खेल रहे थे. इसी दौरान उन्हें फोन पर कार्यालय में आग लगने की सूचना मिली. इसके बाद वह मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि कार्यालय में कंप्यूटर, लैपटॉप और महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे.

भीड़ जुटने से सड़क पर लगा जाम
आग की घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गये. शिशिर कुमार गुप्ता के कार्यालय के सामने भी लोगों की भीड़ जमा हो गयी. इससे सड़क पर जाम की स्थिति बन गयी. स्कूल बसों समेत कई वाहन जाम में फंस गये. आरसी साहू कॉम्प्लेक्स में एचडीएफसी बैंक के अलावा गुडलक स्टेशनरी, डेंटल क्राफ्ट डेंटल क्लिनिक, कोप्स पेस्ट कंट्रोल और टीम जूम सर्विस के कार्यालय भी संचालित होते हैं.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *