14 साल का इंतजार खत्म! नीतीश सेतु तैयार, PM मोदी आज करेंगे उद्घाटन

Share this News:

कच्ची दरगाह-बिदुपुर नीतीश सेतु पूरी तरह बनकर तैयार है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को ब्रिज का उद्घाटन करेंगे. इसके बाद वैशाली में बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे. सिक्स लेन ब्रिज के अलावा भी अन्य कई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन पीएम मोदी करेंगे. कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन ब्रिज राघोपुर दियारा इलाके के लोगों के लिए लाइफलाइन मानी जा रही है.

2012 में शुरू हुई थी सिक्स लेन ब्रिज की कहानी
कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन ब्रिज की कहानी साल 2012 में शुरू हुई थी. उस समय नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री थे. सितंबर 2012 में परियोजना को मंजूरी दी गई. इसके बाद साल 2013 में इसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कर नीतीश कुमार के सामने पुल का पूरा प्लान बताया गया.

2014 में केंद्र सरकार से मिली मंजूरी
दिसंबर 2014 में केंद्र सरकार से परियोजना को मंजूरी मिली. इसी दौरान सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार ने परियोजना के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) जारी किया. इसके बाद एशियाई विकास बैंक (ADB) से ऋण लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ी.

2017 में निर्माण कार्य हुआ शुरू
इसके बाद साल 2015 में बिहार सरकार ने परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी दी. जुलाई 2015 में दूसरे चरण के तहत अंतरराष्ट्रीय निविदा (टेंडर) आमंत्रित की गई. इसके बाद निर्माण एजेंसी के साथ कॉन्ट्रैक्ट किया गया और निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी. अंतरराष्ट्रीय निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद 16 जनवरी 2017 को पुल का निर्माण कार्य शुरू हुआ.

निर्माण में हजारों-करोड़ हुए खर्च
कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल परियोजना के निर्माण पर हजारों करोड़ रुपये खर्च हुए हैं. इसके लिए एशियाई विकास बैंक और बिहार सरकार ने आर्थिक सहयोग दिया. परियोजना की स्वीकृत लागत करीब 4,988.40 करोड़ रुपये है. इसमें एडीबी की वित्तीय सहायता के साथ बिहार सरकार की हिस्सेदारी भी शामिल है.

14 साल बाद निर्माण कार्य हुआ पूरा
करीब 14 साल पहले शुरू हुई इस परियोजना का निर्माण कार्य अब पूरा हो चुका है. 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पुल को समर्पित करेंगे. करीब 19.76 किलोमीटर लंबी यह परियोजना बिहार के सड़क नेटवर्क को मजबूती देने के साथ ही पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन को आसान बनाएगी.

कितनी है परियोजना की लंबाई?
पूरी परियोजना की लंबाई करीब 19.76 किलोमीटर है. इसमें गंगा नदी पर बने मुख्य पुल की लंबाई करीब 9.76 किलोमीटर है. 6 लेन का यह पुल आधुनिक तकनीक से बनाया गया है. नीतीश सेतु केवल गंगा पर बना एक पुल नहीं, बल्कि उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच दूरी कम करने की नई कड़ी बनेगा.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *