Ranchi: 14 वीं JPSC फर्जीवाड़ा मामले में जेल में बंद कोचिंग संचालक रविशंकर और गोपाल कुमार को जमानत याचिका सीआईडी के विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार की अदालत ने खारिज कर दी. पलामू निवासी रविशंकर कुमार पर JPSC की परीक्षा प्रक्रिया में कथित रूप से धांधली करने और अवैध तरीके से कुछ अभ्यर्थियों को लाभ पहुंचाने का आरोप है. सीआईडी के लगातार दबाव के बाद उन्होंने 9 सितंबर को अदालत में आत्मसमर्पण किया था. वहीं, गोपाल कुमार को 5 अक्तूबर को गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद से दोनों जेल में बंद हैं.
क्या है पूरा मामला
CID को अदालत में दो पार्ट में चार्जशीट दाखिल किया जाना है, पहले पार्ट अभी 97 पेज अदालत में दाखिल किया है. जिसमें JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते सहित 12 लोगों पर गंभीर आरोप के संबंध में जिक्र किया गया है. चार्जशीट में जिक्र किया गया है कि खियांग्ते के आदेश पर ही प्रतिबंधित एजेंसी TDPL को परीक्षा का जिम्मा सौंपा गया, उनके आदेश पर ही एजेंसी के मार्केटिंग मैनेजर के खाते में वित्तीय लेनदेन का भी जिक्र भी चार्जशीट में किया गया है, इतना ही नहीं चार्जशीट में यह भी उल्लेख है कि JPSC की तत्कालीन उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता ने 26 मई 2026 को WhatsApp के माध्यम से परीक्षा की उत्तर-कुंजी TDPL एजेंसी के कर्मचारी मो. उस्मान को भेजी थी.
होटल खर्च और अभ्यर्थियों से संपर्क का भी उल्लेख
कपंनी के निदेशकों के होटल खर्च के भुगतान और अभ्यर्थियों से संपर्क को का भी इस चार्जीशट में जिक्र किया गया है. इसमें यह बात भी सामने आयी है कि अभय तिवारी आयोग, परीक्षा एजेंसी तथा अभ्यर्थियों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाता था.
90 वें दिन दाखिल की गयी चार्जशीट
CID के विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार की अदालत में प्राथमिकी दर्ज होने के 90वें दिन चार्जशीट दाखिल की गई. यदि निर्धारित समयसीमा के भीतर चार्जशीट दाखिल नहीं की जाती, तो कई आरोपियों को डिफॉल्ट बेल (Default bail) मिलने का कानूनी अधिकार मिल सकता था. आरोपियों के जेल से बाहर आने पर उनके प्रभाव और पहुंच के जरिए जांच को प्रभावित किए जाने की आशंका जताई जा रही थी. इससे जांच की दिशा और दशा पर असर पड़ सकता था.
22 आरोपियों के खिलाफ दाखिल हुई है चार्जशीट
जिन 22 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट हुई है उनमें JPSC के पूर्व अध्यक्षएल.खियांग्ते, परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता, मुख्य सरगना टीडीपीएल एजेंसी के मार्केटिंग मैनेजर अभय कुमार तिवारी, निदेशक रामवीर सिंह, मो. उस्मान मो. एबाद, हेमंत कुमार वर्मा, प्रदीप कुमार सिंह, संजय कुमार, हेमंत कुमार वर्मा, प्रदीप कुमार सिंह व सुमन सौरभ सहित 22 आरोपी शामिल हैं. श्वेता कुमारी गुप्ता, मुख्य सरगना टीडीपीएल एजेंसी के मार्केटिंग मैनेजर अभय कुमार तिवारी, निदेशक रामवीर सिंह, मो. उस्मान मो. एबाद गिरफ्तारी 22 जुलाई को, हेमंत कुमार वर्मा, प्रदीप कुमार सिंह, संजय कुमार की गिरफ्तारी 24 जुलाई को, सोनू कुमार, अरविंद कुमार की गिरफ्तारी (25 जुलाई), सुमन सौरभ को 30 जुलाई और एल खियांग्ते की गिरफ्तारी 10 अगस्त को की गई थी. मामले के सभी आरोपी गिरफ्तारी के बाद से ही जेल में है. इसमें 10 आरोपियों की जमानत याचिका भी खारिज हो चुकी है. प्रारंभिक परीक्षा में सफलता दिलाने के लिए पांच लाख रुपये और अंतिम चयन के लिए 10 से 25 लाख रुपये तक वसूली करने भी जिक्र चार्जशीट में किया गया है.










