रांची: रिम्स की जमीन से जुड़े कथित घोटाले की जांच में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की. गिरफ्तार किए गए अफसरों मनोज कुमार रंजन, एसडीओ मनोज कुमार समेत सात अधिकारियों के ठिकानों पर एसीबी की टीम ने एक साथ छापेमारी शुरू की. सुबह ही अलग-अलग टीम अधिकारियों के आवास और अन्य ठिकानों पर पहुंची और वहां मौजूद कागजात, जमीन के दस्तावेजों तथा अन्य रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी.
यह कार्रवाई रिम्स के लिए अधिग्रहित 9.65 एकड़ जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री और सरकारी दस्तावेजों में गड़बड़ी के मामले में की जा रही है. एसीबी इस पूरे प्रकरण में अधिकारियों की भूमिका और जमीन के कागजात में हुए बदलाव से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है. एसीबी अधिकारियों ने छापेमारी की पुष्टि की है.
कहां-कहां हुई छापेमारी
एसीबी अफसरों के अनुसार, रांची के बरियातू, कांके, कोकर, अरगोड़ा और मोरहाबादी के वृंदावन अपार्टमेंट में छापेमारी की जा रही है. जिन घरों में छापेमारी की जा रही है, वह सभी उन्हीं अफसरों के हैं, जिन्हें गिरफ्तार किया गया है. वहीं गिरफ्तार तत्कालीन अंचल अधिकारी शैलेश कुमार के गिरिडीह स्थित आवास पर भी एसीबी की टीम ने छापेमारी की है.
बताया जा रहा है कि आधा दर्जन गाड़ियों से एसीबी की टीम शैलेश कुमार के शास्त्री नगर स्थित आवास पर पहुंची. टीम के साथ भारी संख्या में पुलिस के जवान भी मौजूद थे. घर के चारों ओर पुलिस ने घेराबंदी कर दी, जिसके बाद अंदर दस्तावेजों की जांच शुरू की गई. घर के अंदर से किसी को भी बाहर आने-जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है.
गिरफ्तारी के बाद अब छापेमारी
इस मामले में एसीबी की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है. गुरुवार को बेरमो के एसडीओ मनोज कुमार को गिरफ्तार किया गया था. वह पूर्व में बड़गाईं अंचल अधिकारी के पद पर तैनात थे. इससे पहले 17 नवंबर को एसीबी ने आईएएस मनोज कुमार रंजन सहित छह पूर्व अधिकारियों को गिरफ्तार किया था.
इनमें तत्कालीन भूमि सुधार उपसमाहर्ता, तीन जिला अवर निबंधक और दो अंचल अधिकारी शामिल हैं. अब इन अधिकारियों से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी कर जांच एजेंसी मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. एसीबी की टीम दस्तावेजों के साथ अधिकारियों की संपत्ति से संबंधित जानकारियां भी खंगाल रही है.
मोरहाबादी और कोकर की जमीन पर हुआ खेल
पूरा मामला रिम्स के विस्तार और अन्य जरूरतों के लिए अधिग्रहित जमीन से जुड़ा है. इसमें मोरहाबादी मौजा की लगभग आठ एकड़ और कोकर मौजा की 1.65 एकड़ जमीन शामिल है. आरोप है कि सरकारी उपयोग के लिए अधिग्रहित जमीन को फर्जी दस्तावेज तैयार कर और राजस्व रिकॉर्ड में बदलाव के जरिए निजी संपत्ति के रूप में दिखाने की कोशिश की गई.
जांच के दौरान जमीन की रजिस्ट्री, दाखिल-खारिज, पावर ऑफ अटॉर्नी और राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज बदलावों को संदिग्ध पाया गया. जमीन के एक हिस्से पर अवैध निर्माण का मामला भी सामने आया था, जिसे बाद में न्यायिक प्रक्रिया के तहत हटाया गया.
हाईकोर्ट के आदेश पर शुरू हुई थी जांच
इस प्रकरण में झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के बाद एसीबी ने पांच जनवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज की थी. इसके बाद से एजेंसी जमीन से संबंधित सरकारी फाइलों, निबंधन दस्तावेजों और राजस्व रिकॉर्ड की जांच कर रही है. जांच में अलग-अलग स्तर पर तैनात रहे अधिकारियों की भूमिका सामने आने के बाद गिरफ्तारियों का सिलसिला शुरू हुआ.










