रांची: राजधानी रांची में जान-पहचान और भरोसे का फायदा उठाकर एक मासूम बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोपी बच्ची को हर दिन स्कूल छोड़ने जाया करता था. इसी वजह से बच्ची और उसके परिवार का उस पर भरोसा था. लेकिन आरोपी ने इसी भरोसे को हथियार बनाकर घिनौनी वारदात को अंजाम दिया. मामले में जगन्नाथपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे आरोपी बच्ची को स्कूल छोड़ने के बहाने अपने साथ हटिया स्थित किराये के मकान में ले गया. वहां उसने बच्ची को खाने का सामान देकर करीब चार घंटे तक बहलाया-फुसलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया. जब स्कूल की छुट्टी का समय हुआ तब दोपहर करीब दो बजे आरोपी बच्ची को वापस घर छोड़ गया.
घर लौटने के बाद बच्ची ने अपने निजी अंगों में दर्द की शिकायत की. मां ने प्यार से पूछताछ की तो मासूम ने रोते हुए अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी. इसके बाद मां ने जगन्नाथपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी जीतन को गिरफ्तार कर लिया. बच्ची की सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है.
आरोपी की है दो पत्नी
हटिया डीएसपी नीरज ने बताया कि मासूम की मां को जैसे ही जानकारी मिली, वह थाने पहुंची और आरोपी ड्राइवर के बारे में भी पूरी जानकारी दी. पुलिस ने सबसे पहले मासूम को इलाज और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा. उसके बाद आरोपी को ट्रेस करना शुरू किया गया. टेक्निकल सेल के माध्यम से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने दो शादियां कर रखी है.









