झारखंड विधानसभा में BJP का जल संकट प्रदर्शन, विपक्ष विधायकों का जोरदार हंगामा

Share this News:

झारखंड विधानसभा में बजट सत्र के दौरान आज शनिवार को भाजपा विधायकों ने सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले राज्य में नल जल योजना की बदहाल स्थिति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. पार्टी के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल के नेतृत्व में हाथों में तख्ती लेकर भाजपा विधायकों ने जोरदार नारेबाजी की. इस मौके पर नवीन जायसवाल ने कहा कि राज्य में नल जल योजना मद में केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को 10 हजार करोड़ रुपया दिया जिसमें बड़े पैमाने पर लूट हुई है.

कहीं पाइप लाइन नहीं तो कहीं मोटर नहीं लगा- नवीन जायसवाल

नवीन जायसवाल ने कहा कि भ्रष्टाचार का आलम यह रहा है कई अफसरों के निजी खातों में करोड़ों रुपये ट्रांसफर कर दिए गए. उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपए की इस योजना में लूट हुई है. कहीं पर बोरिंग हुई तो पानी नहीं आया, तो कहीं पर चापानल नहीं लगा, कहीं पर पाइप लाइन नहीं लगी, तो कहीं पर मोटर लगा तो पानी नहीं आया. इस तरह से इस योजना में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है और लोग पानी के लिए तरस रहे हैं.

2018 में शुरू हुई योजना अब तक पूरी नहीं हुई- नवीन जायसवाल

विधानसभा परिसर में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए नवीन जायसवाल ने कहा कि रांची में 550 करोड़ की लागत से 2018 में अमृत योजना की शुरुआत हुई और लक्ष्य यह था कि 2022 में यह पूरा हो जायेगा. आज 2026 हो गया लेकिन यह योजना पूरी नहीं हुई. उन्होंने कहा कि सरकार ने घोषणा की थी कि 2024 में हर घर में नल से पानी पहुंच जाएगा. लेकिन आज की तारीख में रांची के लोग पानी के लिए तरस रहे हैं. इस सरकार ने ठगी करके लोगों से वोट ले लिया और उसके बाद भूल गए. हालत यह है कि मधुकम में नाली से पानी घर में जा रहा है.

जनता को हम शुद्ध पानी पिला रहे हैं- संजय प्रसाद यादव

दूसरी ओर श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने बीजेपी के आरोप को खारिज करते हुए कहा है कि भाजपा ने 17 साल इस राज्य में शासन किया, उसको यह याद नहीं आ रहा है. आज हमलोग जनता को शुद्ध पानी पिला रहे हैं और पानी की कोई किल्लत नहीं होने दिया जायेगा.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *