विदेश से रंगदारी चला रहा प्रिंस खान, रांची के कारोबारी को जान से मारने की धमकी

Share this News:

विदेश में बैठ कर झारखंड में गैंगस्टर प्रिंस खान अपने अपराध की सल्तनत चला रहा है. उन्होंने एक बार फिर रांची के एक बड़े कारोबारी से एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी है. मामले को लेकर कारोबारी ने रांची के कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज करवाया है.

क्या है पूरा मामला

रांची में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. कुछ दिन पहले ही एयरपोर्ट इलाके में एक रेस्टोरेंट कारोबारी से प्रिंस खान ने रंगदारी मांगी थी. रंगदारी नहीं देने पर प्रिंस खान के गुर्गों ने रेस्टोरेंट में जाकर फायरिंग की. जिसमें एक वेटर की मौत हो गई थी. इस कांड का रांची पुलिस अब तक खुलासा भी नहीं कर पाई है कि एक बार फिर प्रिंस खान ने रांची के बड़े दवा कारोबारी से रंगदारी की डिमांड कर दी है. रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर दवा कारोबारी का बड़ा प्रतिष्ठान है. दवा कारोबारी से प्रिंस खान के नाम पर एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है.

थाने में किया एफआईआर दर्ज

प्रिंस खान के द्वारा रंगदारी से संबंधित धमकी मिलने के बाद दवा कारोबारी ने रांची के कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज करवाया है. अपने आवेदन में दवा कारोबारी ने बताया है कि वे रांची के बरियातू इलाके में रहते हैं. उनके दवा का कारोबार अल्बर्ट एक्का चौक पर है. 12 मार्च को प्रतिष्ठान के कैशियर के मोबाइल पर दो अलग अलग नंबर से एक टेक्स्ट और दो ऑडियो मैसेज आया. ऑडियो मैसेज में धमकी और रंगदारी के रूप में एक करोड़ की मांग की गई है. वहीं ऑडियो भेजने वाले ने अपना नाम गैंगस्टर प्रिंस खान बताया है.

एफआईआर दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

धमकी देने वाले ने ऑडियो में कहा है कि अगर वे रंगदारी नहीं देते हैं तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा. साथ ही दवा दुकान को भी बंद करने की धमकी दी है. दवा कारोबारी ने पुलिस से सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है. दवा कारोबारी ने अपने आवेदन में यह बताया है की उनका दवा का पारिवारिक कारोबार है. जिसमें उनके सभी भाई साथ में काम करते हैं. मामले को लेकर कारोबारी के आवेदन पर कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कर लिया गया है. कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *