बरही गया रोड स्थित हरिनगर में क्रिकेट खेलने के दौरान दो बच्चों के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के बाद एक बच्चे के चाचा ने 11 वर्षीय बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना का viral video सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया। पीड़ित बच्चे की मां की शिकायत पर बरही थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बरही प्रतिनिधि के अनुसार, घटना मंगलवार शाम करीब पांच बजे की है। हरिनगर में खाली जमीन पर बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे, इसी दौरान आपसी कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया। आरोप है कि आलोक गुप्ता ने 11 वर्षीय मयंक कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित बच्चे की मां संजू देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि बेटे की चीख-पुकार सुनकर वह मौके पर पहुंचीं और किसी तरह बच्चे को बचाया। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। महिला ने अपने पुत्र के साथ की गई मारपीट को लेकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बरही थाना प्रभारी ने बताया कि आवेदन के आधार पर FIR registered कर ली गई है। मामले में एक महिला की गिरफ्तारी की भी सूचना है। पुलिस वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।










