रांची में SAAF सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की तैयारी अंतिम चरण में, 6 देशों के 200 से अधिक खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

Share this News:

झारखंड की राजधानी रांची 24 से 26 अक्टूबर तक चौथी साउथ एशियन एथलेटिक्स फेडरेशन (SAAF) सीनियर चैंपियनशिप की मेज़बानी के लिए तैयार है। आयोजन को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

मंगलवार को बिरसा मुंडा एथलेटिक स्टेडियम, मोरहाबादी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य के खेल निदेशक शेखर जमुआर ने मीडिया को आयोजन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि भारत सहित छह दक्षिण एशियाई देशों – बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल और श्रीलंका से 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय एथलीट, कोच और तकनीकी अधिकारी इस चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे।

खिलाड़ियों का रांची पहुंचना शुरू हो गया है और एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया जा रहा है। जमुआर ने कहा कि यह प्रतियोगिता राज्य के खेल प्रेमियों के लिए एक सुनहरा अवसर है, जहां उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के नामचीन खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा हम पूरी तरह तैयार हैं और चाहते हैं कि खिलाड़ी यहां से एक स्मरणीय अनुभव लेकर लौटें।

चैंपियनशिप का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। इस अवसर पर तकनीकी टीम के लिए विशेष जर्सी का भी अनावरण किया गया। वहीं, मधुकांत पाठक ने जानकारी दी कि आयोजन के दौरान 12 फोटोग्राफरों को मैदान में प्रवेश की अनुमति दी गई है। इस पूरे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन पर किया जाएगा, जिसके चलते उद्घाटन और मुख्य खेलों का निजी चैनलों पर प्रसारण संभव नहीं होगा।

रांची में अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है और प्रशासन सहित आयोजन समिति प्रतियोगिता को सफल बनाने में जुटी हुई है।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *