राजधानी रांची में दुर्गा पूजा की धूम, सज-धजकर तैयार हुए भव्य पंडाल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया उद्घाटन

Share this News:

राजधानी रांची में दुर्गा पूजा की तैयारियां अब पूरी हो चुकी हैं। शहर के अधिकांश पूजा पंडाल सज-धजकर भक्तों के स्वागत के लिए तैयार हैं। शुक्रवार की शाम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के दो प्रमुख पूजा पंडालों हरमू पंच मंदिर और रातू रोड स्थित आरआर स्पोर्टिंग क्लब दुर्गा पूजा समिति के पंडाल का उद्घाटन किया। दोनों पंडालों का उद्घाटन शाम करीब 7 बजे हुआ। इस अवसर को लेकर आयोजकों ने सभी तैयारियां पहले से ही पूरी कर रखी थीं।

वेटिकन से कृष्ण तक: RR स्पोर्टिंग क्लब का अनोखा पंडाल

रातू रोड स्थित आरआर स्पोर्टिंग क्लब दुर्गा पूजा समिति ने इस वर्ष वेटिकन सिटी की थीम पर आधारित एक भव्य पंडाल तैयार किया है। करीब 78 लाख रुपये की लागत से बनाए गए इस पंडाल की वास्तुकला बेहद मनमोहक है। पंडाल के चारों ओर आकर्षक लाइटिंग की गई है, जो इसकी भव्यता को और निखार रही है। हालांकि, विश्व हिंदू परिषद के विरोध के बाद पंडाल से वेटिकन की तस्वीर हटाकर श्रीकृष्ण की तस्वीर लगाई गई। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पंडाल का विधिवत उद्घाटन किया। अब यह पंडाल श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पूरी तरह खुल चुका है और भक्तजन दुर्गा माँ की प्रतिमा के दर्शन कर रहे हैं।

हरमू पंच मंदिर में प्रेम मंदिर की झलक

वहीं, हरमू पंच मंदिर में इस वर्ष वृंदावन के प्रसिद्ध प्रेम मंदिर की झलक देखने को मिल रही है। विशाल पंडाल में बारीक और आकर्षक कारीगरी की गई है। विद्युत सज्जा के माध्यम से कृष्ण लीला को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है। यहां पंडाल का निर्माण पूरी तरह से प्राकृतिक चीज़ों से किया गया है, जो इसे और भी खास बनाता है। भव्य लाइटिंग इस पंडाल की सुंदरता में चार चांद लगा रही है।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *