मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन महाराष्ट्र प्रवास पर हैं. इस दौरान उन्होंने शिरडी में साईं बाबा के दर्शन किए. दर्शन करने के बाद मीडिया से बात की. मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि धार्मिक और आध्यात्मिक जगहों पर जाने से मन को शांति मिलती है. इसके साथ ही मुश्किलों से लड़ने की हिम्मत मिलती है और जिंदगी में कुछ अच्छा करने की प्रेरणा मिलती है.
साईं बाबा पदाधिकारी ने सीएम हेमंत सोरेन का किया स्वागत
दर्शन के बाद साईं बाबा संस्थान के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर गोरक्ष गाडिलकर ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को शॉल और साईं बाबा की मूर्ति देकर सम्मानित किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि देश-विदेश से लाखों भक्त हर दिन शिरडी साईं बाबा के दर्शन के लिए आते हैं. साईं बाबा की बातों और विचारों में इतनी ताकत है कि आज भी यह आम आदमी को अपनी ओर खींचती है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वे पहले भी शिरडी में साईं बाबा के दर्शन किए हैं. हालांकि शिरडी आने वाले लोगों की संख्या कम हो गई है. लेकिन झारखंड राज्य में साईं बाबा के कई मंदिर हैं. सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि वे प्रदेश में शाईं बाबा मंदिर में दर्शन करने जाते रहते हैं. उन्होंने कहा कि साईं बाबा के आशीर्वाद से ही हम सभी लोगों की सेवा के लिए काम कर रहे हैं.
अच्छे कामों के लिए साईं बाबा से लिया आशीर्वाद: सीएम
इस दौरान मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी. उन्होंने कहा कि वह साईं बाबा के चरणों में अच्छे विचार और भविष्य में अच्छे काम करने का आशीर्वाद लेने आए हैं. सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि इंसान से गलतिया होना आम बात है. उन्होंने साईं बाबा से आशीर्वाद मांगा, ताकि वह लोगों के लिए ज्यादा से ज्यादा अच्छे काम कर सकें.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने साईं बाबा दर्शन को लेकर सोशल मीडिया में पोस्ट की है. पोस्ट पर उन्होंने लिखा ‘आज परिवार सहित शिरडी की पावन धरती पर साईं बाबा के चरणों में नमन कर राज्यवासियों की सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाल जीवन की प्रार्थना की. साईं बाबा की कृपा सभी पर बनी रहे.
प्राकृतिक संसाधनों की हो रक्षा: हेमंत सोरेन
सीएम हेमंत सोरेन ने झारखंड में पानी की समस्या पर बोलते हुए कहा कि एक समय पानी की बहुत गंभीर स्थिति थी. लेकिन आज कई घरों में नलों से पानी पहुंच रहा है. फिर भी कुछ इलाकों में पानी की गंभीर समस्या है. इस दौरान वे सभी से प्रकृति द्वारा दिए गए संसाधनों की रक्षा करने की अपील की. सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड एक बहुत ही सुंदर और दर्शनीय राज्य है. देश के आर्थिक विकास में झारखंड रीढ़ की हड्डी के रूप में बड़ी भूमिका निभा रहा है. उन्होंने सभी से एक बार झारखंड के गांवों का दौरा करने को बोले.. साथ ही झारखंड के विकास और संस्कृति को देखने का अपील की.










