JPSC – JSSC विवाद पर भाजपा आक्रामक, अमर बाउरी बोले- युवाओं का भविष्य बेच रही सरकार

Share this News:

रांची: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस समर्थित राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और परीक्षा अनियमितताओं के जरिए युवाओं के सपनों को नुकसान पहुंचा रही है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमर कुमार बाउरी ने कहा कि JPSC, JSSC CGL, उत्पाद सिपाही और जूनियर इंजीनियर जैसी परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ियों के मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं को देखते हुए कांग्रेस को सरकार से समर्थन वापस लेना चाहिए और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा लीक रोकने संबंधी कानून का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार युवाओं की समस्याओं को समझकर समाधान की दिशा में काम कर रही है। वहीं, झारखंड सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में लगातार परीक्षा प्रक्रियाओं पर सवाल उठ रहे हैं।

बाउरी ने JPSC और JSSC जैसी संस्थाओं में नियुक्तियों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि संस्थानों में बैठे लोग अपने करीबियों को लाभ पहुंचा रहे हैं, जिसका नुकसान राज्य के युवाओं को उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा के जेपीएससी घेराव के बाद सरकार ने सीआईडी जांच का आदेश दिया, कुछ गिरफ्तारियां हुईं और जेपीएससी अध्यक्ष ने इस्तीफा दिया, लेकिन जांच की निष्पक्षता पर अभी भी सवाल बने हुए हैं।

भाजपा नेता ने मांग की कि सभी परीक्षा गड़बड़ी मामलों की जांच सीबीआई से कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर भाजपा युवा मोर्चा सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन जारी रखेगा।

उन्होंने बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू के निर्देश पर आज सभी मंडलों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा, जबकि अगले दिन युवा मोर्चा की ओर से सभी जिलों में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया सह प्रभारी अजय राय, प्रवक्ता दीनदयाल बर्णवाल, रमाकांत महतो और रविनाथ किशोर समेत कई नेता मौजूद रहे।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *