Bihar MLC Election: बिहार में होने वाले एमएलसी चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज है. पार्टियों की ओर से उम्मीदवार तय किए जा रहे हैं. इस बीच बात करें जनसुराज की तो एक बार फिर पार्टी की ओर से कैंडिडेट बदल दिए गए हैं. दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रशांत किशोर ने रवींद्र यादव को टिकट दिया था. लेकिन अब खबर है कि उनकी जगह एक बिजनेसमैन को टिकट दिया गया है.
मधुबनी के रहने वाले हैं मोहम्मद इम्तियाज
जानकारी के मुताबिक, प्रशांत किशोर ने दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. मोहम्मद इम्तियाज (नूरानी) को अपना प्रत्याशी घोषित किया है. डॉ. मोहम्मद इम्तियाज मधुबनी जिले के बिस्फी के रहने वाले हैं. वे एक डॉक्टर, समाजसेवी और बिजनेसमैन हैं. जनसुराज के प्रत्याशी डॉ. मोहम्मद इम्तियाज को लेकर चर्चा तेज है. इसके साथ ही आखिर रवींद्र यादव की जगह नूरानी को टिकट क्यों दिया गया, इसे लेकर आधिकारिक तौर पर बयान सामने नहीं आए हैं.
नाम वापसी की वजह अब तक नहीं आई सामने
रवींद्र यादव की बात करें तो, तो वे बिहार की सियासत में एक्टिव रहे हैं. उन्होंने हाल ही में जनसुराज की सदस्यता ग्रहण की थी. इससे पहले वे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू में रह चुके हैं. पार्टी में वह प्रदेश सचिव रह चुके हैं. लेकिन अचानक रवींद्र यादव का नाम वापस लेने की वजह से कई तरह की चर्चा हो रही है.
तिरहुत शिक्षक सीट पर भी बदले थे कैंडिडेट
प्रशांत किशोर ने इससे पहले भी अपनी पार्टी का कैंडिडेट बदला था. तिरहुत शिक्षक सीट पर पहले भूषण झा को कैंडिडेट बनाया गया था. लेकिन फिर उनकी जगह श्याम नंदन यादव को उम्मीदवार बनाने का ऐलान किया गया. इस तरह से अब दो उम्मीदवारों को बदल दिया गया है. इस मामले में प्रशांत किशोर ने कहा था कि भूषण झा ने अपनी जमीन से जुड़ी कुछ जानकारियां नहीं दी थी. इस वजह से उनका टिकट वापस ले लिया गया.










