महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और एनसीपी नेता अजित पवार का चार्टर प्लेन आज बुधवार सुबह बारामती में लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया. इस हादसे में अजित पवार समेत कुल पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इनके आसामयिक निधन पर तमाम नेता दुख व्यक्त कर रहे है. जानकारी के मुताबिक अजित पवार चुनाव प्रचार के लिए बारामती जा रहे थे. अभी तक विमान हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है. घटना के बाद पूरा चार्टर्ड विमान खेत में पूरी तरह से जल गया है.
एकनाथ शिंदे बोले- महाराष्ट्र के लिए बेहद बुरा दिन
राज्य के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने अपने साथी अजित पवार के निधन पर कहा कि यह महाराष्ट्र के लिए एक बुरा दिन है. यह महाराष्ट्र और पूरे महाराष्ट्र के लिए एक दर्दनाक घटना है. अजित दादा अपनी बात के पक्के थे. जब मैं CM था और वह डिप्टी CM थे, तब हमने एक टीम के तौर पर काम किया. टीम के तौर पर हमने लाडली बहन योजना शुरू की थी, और अजित दादा ने इसमें अहम भूमिका निभाई थी.
राहुल गांधी बोले- अजित पवार का निधन पीड़ादायक
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी शोक जताते हुए कहा कि अजित पवार का निधन बेहद पीड़ादायक है. उन्होंने कहा कि श्री अजित पवार जी और उनके सहयात्रियों की आज हवाई जहाज दुर्घटना में निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है. इस शोक के पल में महाराष्ट्र की जनता के साथ हूं. समस्त पवार परिवार और प्रियजनों को इस दुख की घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं.
प्रियंका गांधी वाड्रा ने व्यक्त की संवेदनाएं
महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार की प्लेन क्रैश में मौत पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मैं पूरे पवार परिवार और उनके समर्थकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं. मैंने अजित पवार की पत्नी और सुप्रिया जी (सुप्रिया सुले) से बात की है.










