राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का तीन दिवसीय झारखंड दौरा 28 दिसंबर से आरंभ हो रहा है। वह रविवार शाम छह बजे विशेष विमान से रांची के भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी और सीधे राजभवन जाएंगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। अगले दिन सोमवार 29 दिसंबर को सुबह नौ बजे राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर से जमशेदपुर के लिए रवाना होंगी। यहां वह राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगी।
ओलचिकी लिपि के 100 वर्ष पूरे होने पर सांस्कृतिक कार्यक्रम
इसी दिन राष्ट्रपति जमशेदपुर के जाहेरस्थान में आयोजित ओलचिकी लिपि के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष जनजातीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगी। शाम को वह पुनः रांची लौटकर राजभवन में विश्राम करेंगी।
कार्तिक जतरा 2025: गुमला में अंतरराज्यीय जनसांस्कृतिक समागम
राष्ट्रपति मुर्मू मंगलवार 30 दिसंबर को गुमला जाएंगी। रायडीह प्रखंड में आयोजित अंतरराज्यीय जनसांस्कृतिक समागम ‘कार्तिक जतरा 2025’ में वह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, ओड़िशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव और एसटी-एससी विषयक संसदीय समिति के अध्यक्ष फगन सिंह कुलस्ते की उपस्थिति भी तय है। समारोह के बाद दोपहर 2.30 बजे राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर रांची लौटेगा, जिसके बाद वह दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।
रांची में सुरक्षा कड़ी, कई रूट पर नो फ्लाई ज़ोन और निषेधाज्ञा
राष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए सुरक्षा के विशेष प्रावधान लागू किए गए हैं। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से हिनू चौक और बिरसा चौक से अरगोड़ा चौक तक 200 मीटर की परिधि को नो फ्लाई ज़ोन घोषित किया गया है। यह व्यवस्था 28 दिसंबर की सुबह छह बजे से 30 दिसंबर की रात 10 बजे तक लागू रहेगी। इस अवधि में निषेधाज्ञा भी प्रभावी रहेगी और ड्रोन या किसी भी प्रकार के उड़ने वाले उपकरणों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा।









