तीन किलोमीटर सड़क की बदहाली से ग्रामीण परेशान, प्रशासन के पास ठोस योजना नहीं

Share this News:

जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड अंतर्गत नूतनडीह से सागजोड़िया तक लगभग तीन किलोमीटर लंबी सड़क की जर्जर हालत से ग्रामीणों का जीवन कठिन हो गया है। नाला–दुमका मुख्य मार्ग से जुड़ी यह सड़क नूतनडीह मोड़ से रानीडीह होते हुए सागजोड़िया तक जाती है। वर्षों से बदहाल स्थिति में पड़ी इस सड़क की मरम्मत के लिए न तो विभाग ने पहल की है और न ही जनप्रतिनिधियों ने कोई ठोस कदम उठाया है।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर जगह-जगह बड़े पत्थर उभर आए हैं, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है। बारिश के मौसम में हालात और खराब हो जाते हैं, जब इस मार्ग पर चलना लगभग असंभव हो जाता है। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग रोजाना दुर्घटना के जोखिम के बीच सफर करने को मजबूर हैं।

सागजोड़िया गांव में प्रवेश के लिए बने पुल की स्थिति भी चिंताजनक है। पुल के किनारों पर मिट्टी खिसक जाने से इसकी मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं। एक ओर बड़ा तालाब और दूसरी ओर क्षतिग्रस्त पुल दोनों ही संभावित दुर्घटना की आशंका बढ़ा रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की जीर्ण-शीर्ण स्थिति ने उनकी दैनिक दिनचर्या प्रभावित कर दी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सड़क को जल्द से जल्द नए सिरे से बनाया जाए। ग्रामीणों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग उनकी समस्या पर गंभीरता दिखाएगा और शीघ्र कार्रवाई करेगा।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *