सीजीएल-2023 चयनित 1927 अभ्यर्थियों को आज मिलेगा नियुक्ति पत्र, सीएम हेमंत सोरेन करेंगे वितरण

Share this News:

झारखंड संयुक्त स्नातक प्रतियोगिता परीक्षा (सीजीएल)-2023 में चयनित 1927 अभ्यर्थियों के लिए मंगलवार का दिन खास रहने वाला है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची स्थित मोरहाबादी मैदान में दोपहर 1:30 बजे आयोजित समारोह में इन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। राज्य सरकार इसे युवाओं के रोजगार सृजन अभियान में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देख रही है।

किन-किन पदों पर होगी नियुक्ति
सरकारी विभागों में विभिन्न पदों पर चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे, जिनमें शामिल हैं

सहायक प्रशाखा पदाधिकारी – 847 पद

प्रखंड कल्याण पदाधिकारी – 191 पद

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी – 249 पद

श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी – 170 पद

अंचल निरीक्षक सह कानूनगो – 178 पद

कनीय सचिवालय सहायक – 288 पद

प्लानिंग असिस्टेंट – 4 पद

इन नियुक्तियों के साथ प्रशासनिक तंत्र में नई ऊर्जा के प्रवेश की उम्मीद जताई जा रही है।

परीक्षा व कानूनी विवाद का पूरा मामला
सीजीएल-2023 परीक्षा 21 और 22 सितंबर को आयोजित हुई थी। परीक्षा संपन्न होने के बाद कुछ अभ्यर्थियों ने गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए इसे झारखंड हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। इस पर कोर्ट ने अंतरिम आदेश देकर रिजल्ट प्रकाशन पर रोक लगा दी थी।

बाद में तीन दिसंबर को हाईकोर्ट ने याचिका का निपटारा करते हुए अंतरिम रोक हटा दी। इसके बाद जेएसएससी ने परीक्षा का रिजल्ट जारी किया और चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

युवा रोजगार नीति में बड़ा कदम
राज्य सरकार का कहना है कि यह नियुक्ति कार्यक्रम झारखंड में युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर प्रदान करने की दिशा में एक अहम पहल है। आयोजन स्थल पर सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई है

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *