रांची. झारखंड की राजधानी के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले 25 जुलाई से चल रहा छात्रों का आंदोलन आज समाप्त होने जा रहा है. सरकार की ओर से छात्रों की लगभग सभी प्रमुख मांगें मान लिए जाने के बाद आंदोलन खत्म करने की घोषणा की जाएगी. हालांकि छात्रों ने साफ कर दिया है कि आंदोलन पूरी तरह खत्म नहीं माना जाएगा. सीबीआई जांच समेत बची हुई मांगों को लेकर छात्रों ने सरकार को दो महीने का अल्टीमेटम दिया है. इस अवधि में मांगें पूरी नहीं हुईं तो छात्र एक बार फिर आंदोलन शुरू करेंगे.
25 जुलाई से धरने पर बैठे थे छात्र
बता दें कि छात्र पिछले 25 जुलाई से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना और प्रदर्शन कर रहे थे. उनका आंदोलन झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर चल रहा था. लगातार कई दिनों तक चले इस आंदोलन के बाद सरकार और छात्रों के बीच बातचीत का रास्ता खुला और सरकार ने छात्रों की कई प्रमुख मांगों को स्वीकार किया.
सरकार ने मानी लगभग सभी मांगें
यहां यह भी बता दें कि हेमंत सोरेन सरकार ने छात्रों से कई दौर की बातचीत की. इसके बाद छात्रों की अधिकतर मांगें माने जाने के बाद छात्रों ने आंदोलन समाप्त करने का फैसला किया है. हालांकि छात्रों का कहना है कि उनकी सभी मांगें अभी पूरी तरह पूरी नहीं हुई हैं. खासकर परीक्षा से जुड़े मामलों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर छात्रों का रुख अब भी स्पष्ट है.
सीबीआई जांच पर दो महीने का अल्टीमेटम
हालांकि, छात्रों ने सरकार को सीबीआई जांच की मांग पूरी करने के लिए दो महीने का समय दिया है. उनका कहना है कि सरकार इस अवधि में उनकी मांग पर ठोस कार्रवाई करे. अगर दो महीने के भीतर सीबीआई जांच की मांग समेत लंबित मांगों पर फैसला नहीं लिया गया तो छात्र दोबारा सड़क पर उतरेंगे.
आंदोलन खत्म, लेकिन लड़ाई जारी रखने का ऐलान
छात्र नेताओं का कहना है कि आज आंदोलन का औपचारिक रूप से आखिरी दिन होगा, लेकिन उनकी मांगों को लेकर संघर्ष खत्म नहीं हुआ है. सरकार को दो महीने का समय दिया गया है. इस दौरान मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो फिर से आंदोलन किया जाएगा. करीब 25 दिन बाद छात्रों का धरना आज समाप्त जरूर हो रहा है, लेकिन दो महीने बाद झारखंड में छात्र आंदोलन का दूसरा चरण शुरू होगा या नहीं, यह अब सरकार के अगले कदम पर निर्भर करेगा.










