जंगली खुखड़ी खाने से एक ही परिवार के 6 लोग बीमार, 4 बच्चे शामिल

Share this News:

कोडरमा के डोमचांच प्रखंड के मधुबन गांव में जंगली खुखड़ी खाने से एक ही परिवार के छह सदस्य बीमार हो गए। बीमार लोगों में चार बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं। खुखड़ी खाने के कुछ देर बाद सभी के पेट में अचानक दर्द शुरू हो गया और लगातार उल्टियां होने लगीं। परिवार की बुजुर्ग सदस्य शकुंतला देवी ने बताया कि बुधवार को वह अपने बेटे निर्मल यादव के साथ खेत में धान रोपने गई थीं। देर शाम जब दोनों घर लौटे तो देखा कि बच्चे और बहू काफी परेशान हैं और लगातार उल्टियां कर रहे हैं। पूछने पर पता चला कि शाम में खुखड़ी खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। शकुंतला देवी के अनुसार, बीमार सदस्यों को 20 से अधिक बार उल्टियां हुईं। इसके बाद परिजन सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा लेकर पहुंचे।

डॉक्टर ने बताया फूड पॉइजनिंग का मामला
सदर अस्पताल में चिकित्सक डॉ. नीरज शाहा ने सभी की प्रारंभिक जांच कर आवश्यक दवाएं दीं। डॉक्टर के अनुसार, यह फूड पॉइजनिंग का मामला है और खुखड़ी खाने के कारण ही परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ी है। फिलहाल सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है। बीमार लोगों में 13 वर्षीय नैतिक कुमार, 12 वर्षीय सूरज कुमार, 10 वर्षीय उज्जवल कुमार, 16 वर्षीय मौसम कुमारी, 30 वर्षीय मुन्नी देवी और 36 वर्षीय संगीता देवी शामिल हैं। मुन्नी देवी का इलाज घर पर ही किया गया, जबकि अन्य लोगों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। बच्चों और महिलाओं की चिकित्सकों की निगरानी में जांच और उपचार किया जा रहा है।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *