नक्सली साजिश का शिकार सुरक्षा बल-सारंडा जंगल में दो IED धमाकों से कोबरा के जवान घायल

Share this News:

नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल क्षेत्र में रविवार दोपहर एक बार फिर आईईडी विस्फोट की घटना सामने आई है। यह घटना मनोहरपुर प्रखंड के बालिबा गांव के पास जंगल में करीब दोपहर दो बजे हुई। विस्फोट में कोबरा बटालियन 209 के कांस्टेबल अलख दास गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल जवान को रेस्क्यू करने के दौरान सुरक्षा बलों को उसी इलाके में करीब साढ़े तीन बजे एक और आईईडी विस्फोट का सामना करना पड़ा। इस दूसरे विस्फोट में कोबरा बटालियन के ही कांस्टेबल नारायण दास घायल हो गए। लगातार दो विस्फोटों से इलाके में सर्च ऑपरेशन और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया।

घायल दोनों जवानों को कड़ी मशक्कत के बाद जंगल से बाहर निकाला गया। उनकी स्थिति गंभीर होने के कारण हेलीकॉप्टर के जरिए उन्हें रांची लाया गया, जहां उनका इलाज राज अस्पताल में किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों जवानों के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और आईईडी के छींटे चेहरे पर भी लगे हैं।

चिकित्सकों ने जवानों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर कर दिया है। जानकारी के अनुसार सोमवार को सुबह आठ बजे से दोपहर बारह बजे के बीच एयर एंबुलेंस से दोनों घायल जवानों को दिल्ली भेजा जाएगा। सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन और सतर्कता बढ़ाने में जुटी हुई हैं।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *