दिव्यानी लिंडा के लिए संजय सेठ का बड़ा ऐलान, दुर्गा पूजा से पहले मिलेगा नया घर

Share this News:

रांची: संघर्षों के बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और झारखंड का नाम रोशन करने वाली महिला फुटबॉल खिलाड़ी दिव्यानी लिंडा के लिए अब राहत भरी खबर आई है. आर्थिक तंगी और पारिवारिक परेशानियों से जूझ रही दिव्यानी के घर निर्माण की पहल शुरू हो गई है.

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और उद्योगपति ने दिया नये घर का आश्वासन

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रांची के प्रसिद्ध उद्योगपति पुनीत पोद्दार ने दिव्यानी के गांव पहुंचकर उनके परिवार से मुलाकात की और दुर्गा पूजा से पहले नया घर बनाकर तैयार करने का आश्वासन दिया.

रांची के ओरमांझी प्रखंड स्थित चंद्र गांव की रहने वाली दिव्यानी लिंडा, लंबे समय से साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिस्थितियों में रहकर फुटबॉल में अपना करियर बना रही है. हाल के दिनों में उनकी संघर्षपूर्ण कहानी सामने आने के बाद सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर भी लोगों का ध्यान उनकी ओर गया. इसी कड़ी में गुरुवार सुबह रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, उद्योगपति पुनीत पोद्दार और अन्य लोग उनसे मिलने दिव्यानी के घर पहुंचे.

दुर्गा पूजा से पहले बनकर तैयार होगा दिव्यानी का नया घर

मुलाकात के दौरान मंत्री संजय सेठ और पुनीत पोद्दार ने परिवार को भरोसा दिलाया कि दुर्गा पूजा से पहले दिव्यानी का नया घर बनकर तैयार हो जाएगा. उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मान और बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए. ऐसे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है.

उनकी परिस्थिति होगी बेहतर

दिव्यानी लिंडा और उनके कोच ने इस पहल पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब वह पहले से ज्यादा बेहतर तरीके से अपने खेल पर फोकस कर पाएंगी. उन्होंने कहा कि घर और परिवार की चिंता हमेशा उनके मन में बनी रहती थी लेकिन अब उम्मीद जगी है कि परिस्थितियां बेहतर होंगी.

नेपाल और भूटान में दिलाया इंडिया को मेडल

बता दें कि दिव्यानी लिंडा हाल के वर्षों में कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय महिला फुटबॉल टीम का हिस्सा रह चुकी हैं. नेपाल में आयोजित अंडर-16 सैफ गेम्स में उन्होंने भारत को सिल्वर मेडल दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी, जबकि भूटान में अंडर-17 सैफ गेम्स में भारतीय टीम के गोल्ड मेडल जीतने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा था.

अब घर निर्माण की पहल के बाद दिव्यानी और उनके परिवार में नई उम्मीद जगी है. खेल प्रेमियों का मानना है कि यदि ऐसे खिलाड़ियों को समय पर सहयोग मिले तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए और बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *