रांची : एसएसपी राकेश रंजन के नेतृत्व में रांची पुलिस ने अपराध, नशे, अड्डेबाजी और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर शहरी और ग्रामीण इलाकों में व्यापक अभियान चलाया। अरगोड़ा, पंडरा, सुखदेव नगर, रातू, बरियातू और कोतवाली थाना क्षेत्रों में पुलिस ने कई संवेदनशील और क्राइम हॉटस्पॉट माने जाने वाले इलाकों का निरीक्षण किया।
एसएसपी ने खुद प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अभियान के दौरान एक राशन दुकान से शराब की खेप मिलने की भी जानकारी सामने आई, जिसके बाद कार्रवाई की गई। वहीं, अड्डेबाजी के खिलाफ भी पुलिस ने सख्ती दिखाई।
मुंडला पहाड़ इलाके में अड्डेबाजी कर रहे लोगों को पुलिस ने खदेड़ा। इसके साथ ही शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी राकेश रंजन के नेतृत्व में चले इस अभियान के दौरान सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी और ट्रैफिक एसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि संवेदनशील इलाकों में निगरानी और कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।










