दिल्ली धमाके के बाद रांची में हाई अलर्ट, एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों पर कड़ी सुरक्षा

Share this News:

दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद झारखंड की राजधानी रांची में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं. राजधानी के प्रमुख स्थलों बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची रेलवे स्टेशन, हटिया और मुरी स्टेशन सहित रांची रेल मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. एहतियातन चौकसी बढ़ाते हुए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं. डॉग स्क्वायड टीमों की तैनाती की गई है और यात्रियों और वाहनों की सघन जांच जारी है.

एयरपोर्ट सुरक्षा समिति की बैठक के बाद विमान सुरक्षा मानकों को और मजबूत किया गया है. वहीं, रांची रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी प्रमुख स्टेशनों को सुरक्षा घेरे में लेकर हाई अलर्ट पर रखा गया है. आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस मिलकर सुरक्षा का संयुक्त अभियान चला रही है.

रांची रेल मंडल के आरपीएफ कमांडेंट पवन कुमार का बयान

रांची रेल मंडल में सुरक्षा हमेशा से सख्त रही है, लेकिन केंद्रीय गाइडलाइन के तहत और भी कई नए उपाय जोड़े गए हैं. स्टेशनों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, पार्किंग जोन और प्लेटफार्मों पर गश्त बढ़ाई गई है. डॉग स्क्वायड और बम डिटेक्शन टीम लगातार निरीक्षण कर रही है. किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की तुरंत जांच की जा रही है. यात्रियों से भी अपील है कि वे किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत सूचना दें.

कमांडेंट ने बताया कि रांची, हटिया और मुरी जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों के अलावा अन्य छोटे स्टेशनों को भी सुरक्षा के घेरे में रखा गया है. सभी प्लेटफार्मों और प्रवेश द्वारों पर जांच व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है.

लोहरदगा स्टेशन पर विशेष अभियान

रांची रेल मंडल के लोहरदगा रेलवे स्टेशन पर भी विशेष सुरक्षात्मक कदम उठाए गए हैं. स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग जोन में संयुक्त जांच अभियान चलाया जा रहा है. वाहनों की तलाशी के लिए यूवीएस मशीन की सहायता ली जा रही है. अब तक किसी भी तरह की आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन सतर्कता बरकरार है. पार्किंग जोन में लंबे समय से खड़े वाहनों की पहचान कर जांच की जा रही है. वहीं, यात्रियों के सामानों की भी सावधानीपूर्वक जांच की जा रही है. आरपीएफ की महिला और पुरुष दोनों विंग पूरी सतर्कता के साथ जांच अभियान में लगे हैं. सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान स्थिति को देखते हुए आने वाले दिनों में भी चौकसी जारी रहेगी. किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति को लेकर तत्काल कार्रवाई की जाएगी.

पवन कुमार का बयान

हमारा उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. फिलहाल किसी भी प्रकार की लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है. रेलवे सुरक्षा बल चौबीसों घंटे निगरानी रखे हुए है और सुरक्षा व्यवस्था को लगातार और मजबूत किया जा रहा है.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *