JPSC की 21 परीक्षाओं पर जांच का शिकंजा, 2 DIG और 3 SP के नेतृत्व में 6 टीमें

Share this News:

जेपीएससी की 21 परीक्षाओं में अनियमितता, पेपर लीक और ओएमआर शीट में हेराफेरी की शिकायतों की जांच पुलिस मुख्यालय ने तेज कर दी है. इसके लिए सीआईडी के 35 पुलिस अफसरों को शामिल कर छह विशेष जांच टीमें गठित की गई हैं. सभी अधिकारियों को सीआईडी में योगदान देने का निर्देश दिया गया है.

जांच की कमान 2 डीआईजी और 3 एसपी स्तर के अनुभवी अधिकारियों को सौंपी गई है. डीआईजी जैप कार्तिक एस और डीआईजी एसटीएफ इंद्रजीत महथा के नेतृत्व में एसपी अभियान दीपक कुमार शर्मा, एसपी वायरलेस प्रशांत आनंद और एसपी सौरभ जांच को आगे बढ़ाएंगे. टीमों में डीएसपी, इंस्पेक्टर और दारोगा स्तर के अधिकारियों को भी शामिल किया गया है.

सीजीएल पेपर लीक की जांच के लिए पहले से बनी है SIT
इससे पहले जेएसएससी सीजीएल पेपर लीक मामले की जांच के लिए आईजी अनूप बिरथरे के नेतृत्व में 17 सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की जा चुकी है. एसआईटी मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

एसआईटी को मिले 45 अतिरिक्त पुलिसकर्मी
बता दें, जेएसएससी और जेपीएससी परीक्षा में गड़बड़ी की जांच कर रही एसआईटी को सात जिलों से 45 अतिरिक्त पुलिसकर्मी उपलब्ध कराए गए हैं. आईजी अभियान के आदेश पर रांची, हजारीबाग, गुमला, सिमडेगा, बोकारो, रामगढ़ और खूंटी से 15 सब-इंस्पेक्टर तथा 30 हवलदार और आरक्षी तैनात किए गए हैं.

सीजीएल केस में फूड इंस्पेक्टर से पूछताछ
इधर, जेएसएससी सीजीएल पेपर लीक मामले में गावां थाना पुलिस ने मंगलवार की रात फूड इंस्पेक्टर संजय कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की. उन्हें पिहरा बाजार स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया था. पुलिस ने उनसे देर रात तक पूछताछ की, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया. संजय कुमार पर नौकरी के अलावा अन्य लोगों को भी नौकरी दिलाने के नाम पर सेटिंग करने का आरोप है. पुलिस मामले में उनसे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *