राष्ट्रीय–अंतरराष्ट्रीय पहचान की तैयारी, झारखंड पर्यटन के ब्रांड एंबेसडर होंगे महेंद्र सिंह धौनी

Share this News:

झारखंड पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी को झारखंड पर्यटन विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने की तैयारी है। इसे लेकर पर्यटन विभाग और एमएस धौनी के बीच जल्द ही एमओयू किया जाएगा।

राज्य सरकार की ओर से झारखंड के पर्यटन स्थलों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए धौनी को ब्रांड एंबेसडर बनने का आग्रह पत्र भेजा गया था। इस प्रस्ताव पर महेंद्र सिंह धौनी ने सैद्धांतिक सहमति दे दी है, जिसके बाद विभागीय स्तर पर औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पर्यटन प्रचार को मिलेगा राष्ट्रीय चेहरा
पर्यटन विभाग का मानना है कि महेंद्र सिंह धौनी जैसी वैश्विक पहचान रखने वाली शख्सियत के जुड़ने से झारखंड के प्राकृतिक, धार्मिक और साहसिक पर्यटन स्थलों को नई पहचान मिलेगी। धौनी झारखंड के मूल निवासी हैं और राज्य की ब्रांड वैल्यू बढ़ाने में उनकी लोकप्रियता अहम भूमिका निभा सकती है।

एमओयू के जरिए तय होंगी जिम्मेदारियां
पर्यटन विभाग और महेंद्र सिंह धौनी के बीच होने वाले एमओयू में प्रचार अभियान, ब्रांडिंग गतिविधियों और विभिन्न पर्यटन आयोजनों में भागीदारी से जुड़ी शर्तें तय की जाएंगी। इसके माध्यम से झारखंड को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की रणनीति पर काम होगा।

सरकार को प्रचार-प्रसार से बड़ी उम्मीद
सरकारी स्तर पर माना जा रहा है कि धौनी के ब्रांड एंबेसडर बनने से झारखंड के पर्यटन को नई गति मिलेगी और देश-विदेश के पर्यटकों का आकर्षण बढ़ेगा। इससे राज्य की अर्थव्यवस्था और स्थानीय रोजगार के अवसरों को भी बल मिलने की उम्मीद है।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *