झारखंड के धनबाद के अपराधी आजकल खौफ में जीवन जी रहे हैं. इसका कारण यह है कि पुलिस की ओर से पिछले आठ दिनों के अंदर सोमवार की सुबह लगातार दूसरी बार एनकाउंटर किया गया है. पुलिस की इस कारर्वाई से अपराधियों में दहशत है. आठ दिन के अंदर प्रिंस खान गिरोह के साथ पुलिस का दूसरा एनकाउंटर अपराधियों के लिए कड़ा संदेश है. ताजा घटना 16 मार्च को भागाबांध ओपी क्षेत्र के केंदुआडीह बस्ती के पास घटी. यहां पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लगी, जबकि एक अपराधी भागने के दौरान घायल हो गया.
पुलिस मुठभेड़ में प्रिंस खान के तीन गुर्गे घायल
सोमवार के तड़के पुलिस की मुठभेड़ में प्रिंस खान के तीन गुर्गे घायल हो गए हैं. इनमें पलामू के अपराधी अमन सिंह उर्फ कुबेर और धनबाद के विक्की डोम को गोली लगी. दोनों को घायल अवस्था में पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया. वहीं, भागने के दौरान गिरने से वासेपुर के अफजल का पैर टूट गया. पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया. तीनों का घनबाद के एसएनएमएमसीएच में इलाज कराया जा रहा है.
आठ मार्च को भी हुई थी पुलिस की मुठभेड़
इससे पहले आठ मार्च को भुईफोड़ मंदिर के निकट फायरिंग रेंज के पास पुलिस के साथ प्रिंस खान के गुर्गों की मुठभेड़ हुई थी. इसमें प्रिंस खान के गुर्गे सुदीश कुमार ओझा के पैर में गोली लगी थी. उस मामले में दिलीप सिंह को भी बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था. लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से धनबाद में सक्रिय अपराधी गिरोहों में दहशत है. पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.









