जमशेदपुर के टेल्को थानाक्षेत्र में गुरुवार को हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ। एक युवक सड़क पर बैरिकेडिंग लगाकर धरने पर बैठ गया। संतोष सिंह नाम के युवक का आरोप था कि बुधवार देर रात को पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी ने नंबर प्लेट नहीं होने का हवाला देकर उसकी बाइक को जब्त कर लिया और 10,000 रुपये का चालान जमा करने पर ही बाइक को छोड़ने की बात कही। बैरिकेडिंग लगाकर धरना प्रदर्शन करने की वजह से सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान वहां अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस ने स्प्लेंडर बाइक जब्त की
प्रकाश नगर निवासी संतोष सिंह के मुताबिक, वह बुधवार की देर रात को टेल्को प्लाजा से काले रंग की स्प्लेंडर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान पेट्रोलिंग पार्टी ने उसे रोक लिया। बाइक के पीछे नंबर प्लेट नहीं होने का हवाला देकर उसका दोपहिया वाहन जब्त किया जिसे टेल्को थाना ले जाया गया। युवक का कहना है कि उसने पुलिस से कहा कि उसकी बाइक का मडगाड टूट गया था तो उसने उसे खोलकर घर पर रख दिया है। उसी के साथ नंबर प्लेट भी लगा था। युवक का कहना था कि पुलिस ने उसकी बात नहीं सुनी और 10,000 रुपया थाने में जमा कराने पर ही बाइक छोड़ने की बात कही। युवक का तर्क था कि वह पूरे महीने काम करता है तो 10,000 रुपये कमा पाता है। वह इतनी बड़ी राशि एकमुश्त देने में असमर्थ है।
संतोष ने टेल्को प्लाजा रोड जाम किया
नाराज संतोष सिंह ने गुरुवार की सुबह टेल्को प्लाजा रोड पर बैरिकेडिंग लगाया और धरने पर बैठ गया। वह अपने साथ अपने दोपहिया वाहन के कागजात भी लाया था। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थानीय लोग भी समझ नहीं पा रहे थे कि माजरा क्या है। कुछ लोगों ने संतोष को सही प्लेटफॉर्म पर संवैधनिक तरीके से अपनी बात रखने की सलाह दी।
टाइगर मोबाइल टीम ने स्थिति संभाली
घटना की सूचना टाइगर मोबाइल टीम को मिली। पुलिसकर्मियों ने युवक को समझाया और कागजात लेकर थाने जाने की सलाह दी। आश्वासन दिया कि यदि उसके पास वाहन का नंबर प्लेट और वैध कागजात है तो बाइक को छोड़ दिया जायेगा। तब कहीं जाकर संतोष ने बैरिकेडिंग हटाया और धरना प्रदर्शन खत्म किया। इसके बाद ही टेल्को प्लाजा रोड पर यातायात सामान्य हो सका।
इस घटना पर पुलिस का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।










