रांची में कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर के निदेशक प्रो. (डॉ.) गौतम सूत्रधर ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर निदेशक ने मुख्यमंत्री को 29 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाले NIT जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि इस दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की गरिमामयी उपस्थिति मुख्य अतिथि के रूप में प्रस्तावित है। साथ ही समारोह की तैयारियों और आयोजन से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी गई। इस दौरान बताया गया कि इस अवसर पर लगभग एक हजार छात्र-छात्राओं को विभिन्न पाठ्यक्रमों की डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और राज्य में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में NIT जमशेदपुर की भूमिका की सराहना की।










