झारखंड बनेगा पूर्वी भारत का सबसे बड़ा AI डेटा हब

Share this News:

झारखंड में पूर्वी भारत का सबसे बड़ा एआई डेटा सेंटर बनने जा रहा है। बताते चलें कि अभी हाल ही में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का स्विटजरलैंड (दावोस) और यूके की यात्रा पूरी हुई। जहां विश्व आर्थिक मंच की बैठक में विश्व पटल पर सीएम हेमंत सोरेन द्वारा झारखंड को तकनीकी और डिजिटल हब के रूप में विकसित करने की बात रखी गई थी। जिससे की राज्य में रोजगार का अवसर बढ़े।

इस दिशा में झारखंड को सिंगापुर की सनसाइन ग्लोबल कैपिटल लिमिटेड कंपनी की तरफ से राज्य में अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित डाटा सेंटर स्थापित करने के लिए राज्य सरकार को आशय पत्र (लेटर ऑफ इंटेंट) सौंपा है।

बताते चलें कि, यह परियोजना राज्य में आइटी निवेश, रोजगार सृजन और ग्रीन एनर्जी आधारित उद्योगों को गति देने का काम करेगी। तय समय-सीमा के अनुसार, इस परियोजना का 24 महीने में व्यावसायिक संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान भूमि चिन्हित करना, आधारभूत संरचना विकास, बिजली एवं कनेक्टिविटी तथा आवश्यक स्वीकृतियों की प्रक्रिया पूरी की जायेगी।

जानकारी के मुताबिक, कंपनी द्वारा सरकार से 5 से 8 एकड़ भूमि मांगी गयी है। इस पूरी परियोजना पर कंपनी द्वारा 3300 करोड़ रुपये का निवेश किया जायेगा।

वहीं, कंपनी द्वारा 1600 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार देने की भी बात कही गयी है। खासतौर पर आइटी क्षेत्र, इंजीनियरिंग क्षेत्र, डेटा साइंटिस्ट, एआई रिसर्चर और टेक्निकल सपोर्ट स्टाफ को रोजगार के मौके मिलने की बात कही गई है।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *