दावोस में सीएम हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड की बड़ी छलांग, ग्रीन स्टील में 11,000 करोड़ का निवेश

Share this News:

विश्व आर्थिक मंच (WEF) दावोस के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील के शीर्ष नेतृत्व के साथ अहम बैठक की. इस दौरान टाटा स्टील ने झारखंड में न्यू एज ग्रीन स्टील टेक्नोलॉजी के तहत 11,000 करोड़ रुपये के निवेश की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. इसे लेकर आशय पत्र (LoI) और सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए गए.

प्रस्तावित निवेश में हिरसाना ईजी एंड मेल्ट टेक्नोलॉजी में 7,000 करोड़ रुपये, कॉम्बी मिल परियोजना में 1,500 करोड़ रुपये और टिनप्लेट विस्तार परियोजना में 2,600 करोड़ रुपये शामिल हैं. ये सभी परियोजनाएं पर्यावरण-अनुकूल ग्रीन स्टील तकनीक पर आधारित होंगी, जिनमें नीदरलैंड और जर्मनी की उन्नत तकनीकों का उपयोग किया जाएगा.

झारखंड सरकार का टिकाऊ औद्योगिक विकास पर जोर
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार टिकाऊ औद्योगिक विकास, स्वच्छ तकनीक और स्थानीय रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है. टाटा स्टील के साथ यह साझेदारी राज्य को हरित औद्योगिक परिवर्तन का अग्रणी केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.यह निवेश न केवल राज्य के खनिज-आधारित औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूती देगा, बल्कि ग्रीन एनर्जी और जलवायु-अनुकूल विकास के राष्ट्रीय लक्ष्यों को भी गति देगा. इस दौरान हिताची ने विद्युत, हाई-एंड ग्रिडिंग और उन्नत अवसंरचना में निवेश का प्रस्ताव भी रखा.

मुख्यमंत्री को वाइट बैच से किया गया सम्मानित
विश्व आर्थिक मंच ने मुख्यमंत्री को व्हाइट बैज से सम्मानित किया. साथ ही WEF के साथ क्रिटिकल मिनरल्स, नई ऊर्जा, जलवायु और जैव विविधता संरक्षण जैसे विषयों पर सहयोग को लेकर औपचारिक पत्र सौंपा गया. झारखंड का विजन-2050, WEF की समावेशी समाज की अवधारणा से मेल खाता है. इस सहभागिता के माध्यम से सीख, ज्ञान-विनिमय और क्रियान्वयन आधारित सहयोग की दिशा में एक सार्थक और दीर्घकालिक साझेदारी की कोशिश की जाएगी.

अर्बन ट्रांसपोर्ट में निवेश को लेकर बातचीत
इसके अलावा स्वीडन ने अर्बन ट्रांसपोर्ट में निवेश को लेकर बातचीत आगे बढ़ाई है. अप्रैल में भारत-स्वीडन के बीच संभावित सहयोग पर राउंड टेबल मीटिंग प्रस्तावित है. मुख्यमंत्री की स्वीडन की उन कंपनियों से भी मुलाकात हुई, जिनसे स्वीडन की यात्रा के दौरान पिछले वर्ष बातचीत हुई थी.साथ ही सीएम ने वर्ल्ड वूमन पॉलिटिकल लीडर्स फोरम के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की, जिसमें महिला राजनीतिक नेतृत्व को सशक्त करने विशेषकर हाशिये पर रहने वाले वर्गों से आने वाली महिलाओं के लिए झारखंड सरकार के साथ एक सहयोगात्मक ढांचा स्थापित करने पर चर्चा हुई.

बैठक में ये हुए शामिल
बैठक में मुख्यमंत्री और आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ टाटा स्टील के एमडी एवं सीईओ टीवी नरेंद्रन, स्वीडन इंडिया बिजनेस काउंसिल की चीफ इंडिया रिप्रेजेंटेटिव सेसिलिया ओल्डने, वुमन पॉलिटिकल लीडर्स फोरम की अध्यक्ष सिलवाना कोच-मेहरिन, विश्व आर्थिक मंच से विराज मेहता, हिताची इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख भारत कौशल और टेक महिंद्रा के आईएमईए डिवीजन के प्रमुख व अध्यक्ष साहिल धवन शामिल हुए.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *