जेसोवा दिवाली मेला 2025 का भव्य आगाज़, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया उद्घाटन

Share this News:

राजधानी के मोराबादी मैदान में झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) द्वारा आयोजित पांच दिवसीय दिवाली मेला 2025 का विधिवत उद्घाटन बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया। कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री और अतिथियों ने मेला परिसर का भ्रमण किया और विभिन्न स्टॉल्स की जानकारी ली। मेले में लोकल आर्टिज़न द्वारा तैयार उत्पादों की भरपूर प्रदर्शनी की गई है, जो ‘वोकल फॉर लोकल’ और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश देता है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि इस बार का जेसोवा मेला विशेष है क्योंकि यह अपनी सफलता की रजत जयंती मना रहा है। उन्होंने जेसोवा की सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि इस मेले से होने वाली आय गरीबों के कल्याण में खर्च की जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे मेला जरूर घूमें और जेसोवा के इस प्रयास को समर्थन दें।

मेले में हेल्दी बेबी शो, फैशन शो और पेंटिंग प्रतियोगिता जैसी आकर्षक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। आयोजकों के अनुसार, यह मेला न केवल खरीदारी का अवसर देगा, बल्कि समाजसेवा से जुड़ने का एक माध्यम भी बनेगा।

दिवाली मेला 9 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक प्रतिदिन आगंतुकों के लिए खुला रहेगा।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *