बोकारो जिले से मानवता को झकझोर देने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-6 डी स्थित क्वार्टर संख्या 2517 में एक मानसिक रूप से बीमार युवक और उसकी बुजुर्ग मां को पिछले 15 महीनों से बंद हालत में रखा गया था।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक संतोष कुमार और उनकी मां को बेहद अमानवीय परिस्थितियों में कैद कर रखा गया था। जिस क्वार्टर में दोनों रह रहे थे, वहां न तो एक भी पंखा था और ना ही पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था मात्र एक बल्ब जल रहा था। उन्हें खाने-पीने के नाम पर सिर्फ इतना दिया जा रहा था कि किसी तरह जीवित रह सकें। दोनों की हालत जानवरों से भी बदतर हो चुकी थी।
पीड़ित संतोष कुमार ने आरोप लगाया है कि उन्हें और उनकी मां को अशोक सिंह नामक एक व्यक्ति ने लालच और साजिश के तहत इस स्थिति में डाल दिया। संतोष के अनुसार, उनका अपनी पत्नी के साथ कानूनी विवाद चल रहा है, और इसी दौरान उनकी मां की मुलाकात अशोक सिंह से हुई थी। अशोक ने शुरुआती दौर में आर्थिक सहायता दी, लेकिन अब वह संतोष का चास बंसीडीह स्थित मकान हड़पने की कोशिश में जुटा हुआ है। मकान बिकवाकर पैसे पर कब्जा जमाने की नीयत से, उसने दोनों को इस कमरे में कैद कर रखा था।
इस अमानवीय कृत्य की जानकारी जैसे ही स्थानीय मीडिया के माध्यम से पुलिस को मिली, सेक्टर-6 थाना की प्रभारी संगीता कुमारी ने तत्परता दिखाते हुए पेट्रोलिंग टीम के साथ मौके पर पहुंचकर क्वार्टर का ताला तोड़कर मां-बेटे को रेस्क्यू किया।
थाना प्रभारी संगीता कुमारी ने बताया कि पीड़ितों ने अशोक सिंह का नाम इस पूरे मामले में लिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और आवेदन प्राप्त होने के बाद विधिसम्मत अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।










