हिमांशु सिंह हत्याकांड: जमशेदपुर बंद की घोषणा, भाजपा ने उठाई कानून-व्यवस्था पर सवाल

Share this News:

जमशेदपुर। करणी सेना से जुड़े हिमांशु सिंह हत्याकांड मामले ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है। भारतीय जनता पार्टी ने 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया है। इस संबंध में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने जानकारी दी।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड में हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं, जिसके विरोध में यह बंद बुलाया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर बातचीत की है।

इधर, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय द्वारा बुलाई गई महत्वपूर्ण बैठक को निषेधाज्ञा लागू होने के कारण स्थगित कर दिया गया है।

उधर, मृतक हिमांशु सिंह के परिजनों ने अपना रुख और सख्त कर लिया है। परिजनों ने साफ कहा है कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उनकी प्रमुख मांगों में मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी, सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच शामिल है।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि उनकी सहमति के बिना पोस्टमार्टम कराया गया, जिसका उन्होंने विरोध किया है। उन्होंने शव लेने से भी इनकार कर दिया है और कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *