झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता कुणाल भारतेंदु से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में अधिवक्ता ने खेलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। एफआईआर के अनुसार, 9 दिसंबर की दोपहर करीब 2 बजकर 42 मिनट पर उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से मिस्ड कॉल आया था।
इसके बाद जब उन्होंने दोपहर 2 बजकर 59 मिनट पर उसी नंबर पर कॉल किया, तो फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को राहुल दुबे गैंग का सदस्य बताया और अपना नाम प्रकाश शुक्ला बताया। कॉलर ने पहले अधिवक्ता का नाम कन्फर्म किया और फिर उनसे जमीन कारोबार से जुड़े होने के बारे में सवाल किया। अधिवक्ता द्वारा स्वयं को हाईकोर्ट का वकील बताए जाने के बावजूद आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और दो करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की। आरोपी ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर रकम नहीं दी गई तो उनकी हत्या कर दी जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।










