स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने साइकिल से विधानसभा पहुंचकर दी स्वास्थ्य संदेश

Share this News:

झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बुधवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी साइकिल चलाकर विधानसभा पहुंचे। मंत्री के इस कदम को लेकर राजनीतिक हलकों के साथ-साथ आम लोगों में भी चर्चा रही। विधानसभा परिसर पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि साइकिल से आने का उद्देश्य केवल प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है।

‘साइकिलिंग से फिट रहना आसान’
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आज के समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में साइकिल एक बेहतर और सस्ता विकल्प हो सकता है। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ रहता है और कई प्रकार की बीमारियों का खतरा भी कम हो जाता है। इसलिए लोगों को अपने दैनिक जीवन में साइकिल चलाने की आदत डालनी चाहिए। नियमित व्यायाम और साइकिलिंग से फिट रहना आसान होता है।

सदन में सकारात्मक चर्चा की उम्मीद
मंत्री ने बताया कि बुधवार को विधानसभा में स्वास्थ्य विभाग के बजट पर भी चर्चा होनी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सदन में सकारात्मक चर्चा होगी और राज्य की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।

‘नाटक कर रही भाजपा’
इस दौरान मंत्री ने देश में बढ़ती महंगाई पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि एलपीजी सहित कई आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम लोगों, खासकर महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए इरफान अंसारी ने कहा कि रामनवमी के दौरान डीजे बजाने के मुद्दे पर भाजपा का धरना केवल राजनीतिक नाटक है। उन्होंने कहा कि देश सभी धर्मों के लोगों का है और समाज में आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखना जरूरी है।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *