रिम्स-2 निर्माण को लेकर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की विपक्ष से सहयोग की अपील

Share this News:

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रिम्स-2 के निर्माण को लेकर विपक्षी दलों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में निम्न स्तर की राजनीति बेहद पीड़ादायक है और इससे आम जनता को नुकसान उठाना पड़ता है। डॉ. अंसारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि रिम्स-2 का उद्देश्य किसी राजनीतिक लाभ से नहीं, बल्कि राज्य की जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

रांची स्थित रिम्स में साही निकाय की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्य की राजकीय स्वास्थ्य व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाने को लेकर गंभीर चर्चा हुई। बैठक में इस बात पर विशेष रूप से विचार किया गया कि रिम्स में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है और ऐसे में पेशेंट फ्लो मैनेजमेंट को और अधिक प्रभावी कैसे बनाया जाए, ताकि किसी भी मरीज को इलाज के दौरान असुविधा न हो।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आज राज्य की जनता का भरोसा सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर बढ़ा है। यही वजह है कि इतिहास में पहली बार रिम्स में हजारों की संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका स्पष्ट लक्ष्य है कि हर मरीज को बेहतर इलाज मिले और वह स्वस्थ होकर अपने घर लौटे।

डॉ. अंसारी ने बताया कि इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए रिम्स में नई तकनीकों को अपनाया जा रहा है, डॉक्टरों की बहाली की जा रही है, पैथोलॉजी लैब को सशक्त किया जा रहा है तथा मैनपावर, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि मरीजों को आधुनिक, सुलभ और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *