झारखंड में सरकार को लेकर चल रही राजनीतिक कयासबाजियों और अफवाहों के बीच महागठबंधन की विधायक श्वेता सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार अस्थिर नहीं है और विपक्ष जितनी भी कोशिश कर ले, झारखंड में सत्ता परिवर्तन संभव नहीं होने वाला है। उन्होंने बताया कि बीते दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में महागठबंधन विधायकों की बैठक हुई, जिसमें सरकार की उपलब्धियों और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।
अफवाह फैलाने वालों पर निशाना
श्वेता सिंह ने विपक्ष पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कुछ लोग शपथ लेने की तैयारी में थे. अगर मुख्यमंत्री दिल्ली में कुछ दिन और रुक जाते तो ये लोग शायद शपथ भी ले लेते. उन्होंने कहा कि विपक्ष का मकसद जनता को भ्रमित करना है, लेकिन यह कोशिश असफल रहेगी।
सोशल मीडिया को बताया अफवाहों का स्रोत
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और कुछ मीडिया रिपोर्टें अफवाहों को बढ़ावा दे रही हैं। उनके शब्दों में सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाना उनका तरीका है. लेकिन जनता सच जानती है.
बीजेपी पर सत्ता पलट की रणनीति का आरोप
श्वेता सिंह ने बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा बीजेपी की नीति शुरू से ही सत्ता पलटने और खरीद-फरोख्त की रही है. वही खेल झारखंड में करने की कोशिश हो रही है, लेकिन यहाँ यह सफल नहीं होगा.
महागठबंधन में सबकुछ ठीक
उन्होंने साफ कहा महागठबंधन पूरी तरह मजबूत है. यह सवाल ही गलत है कि अंदर कुछ ठीक नहीं.
जनता के भरोसे की बात
उन्होंने कहा कि जनता ने महागठबंधन को जो जनादेश दिया है, सरकार उसी उद्देश्य के साथ काम कर रही है।










