अवैध कोयला कारोबार और उससे जुड़े आर्थिक लेन-देन की जांच में मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक साथ 20 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी शुरू की. सुबह करीब छह बजे रांची और पश्चिम बंगाल से आई ईडी की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी. सुरक्षा के मद्देनजर बोकारो से सीआरपीएफ जवानों को बुलाया गया, जबकि आयकर विभाग की टीम भी कार्रवाई में शामिल रही. धनबाद में ईडी की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है. ईडी की टीमें दिनभर संबंधित परिसरों में दस्तावेजों की जांच, डिजिटल उपकरणों की पड़ताल और आर्थिक लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगालती रहीं. जांच के दौरान कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), बैंकिंग दस्तावेज, संपत्ति संबंधी कागजात तथा अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच की जा रही है. कई स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी पड़ताल की गई.
गोपनीय रही ईडी की कार्रवाई
छापेमारी की कार्रवाई इतनी गोपनीय रखी गई थी कि अधिकांश लोगों को इसकी जानकारी तब मिली, जब ईडी और सीआरपीएफ की गाड़ियां संबंधित परिसरों पर पहुंच चुकी थीं. शहर के कई इलाकों में दिनभर इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा.
गलत पते पर पहुंची ईडी टीम, फिर शुरू की छापेमारी
कार्रवाई के दौरान नालंदा कॉटेज में एक रोचक घटनाक्रम भी सामने आया. ईडी की टीम कथित रूप से माधव सिंह के आवास की जगह पहले पड़ोसी के घर पहुंच गई. बाद में जानकारी स्पष्ट होने पर टीम निर्धारित पते पर पहुंची और जांच शुरू की. ईडी की यह कार्रवाई अवैध कोयला कारोबार, उससे अर्जित कथित अवैध संपत्ति और वित्तीय लेन-देन की जांच के सिलसिले में महत्वपूर्ण मानी जा रही है. सभी जगहों पर जांच जारी है. अधिकारियों ने कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं कर रहे हैं.
इन ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई
गांगुली कॉम्प्लेक्स स्थित एसके शर्मा का कार्यालय
टिकियापाड़ा में अनिल गोयल का आवास
अनिल गोयल के करीबी सबीर आलम का ठिकाना
लोयाबाद में डिप्टी मेयर के भाई हरेंद्र चौहान का आवास
झरिया में गणेश यादव का घर
शिमला बहाल (झरिया) में रंजीत सिंह का आवास
बैंक मोड़ में पप्पू मंडल का ठिकाना
शेखर यादव का आवास
तेतुलिया में रोहित यादव का घर
नालंदा कॉटेज में माधव सिंह का आवास
रितेश शर्मा के राज आंगन में कार्रवाई
कपुरिया जोरिया स्थित अनिल गोयल के भट्ठे पर कार्रवाई
लोदना (झरिया) में ओम प्रकाश सिंह एवं रंजीत सिंह के आवास
लोदना में विजय पासवान का घर
बैंक मोड़ स्थित शांति भवन में हार्डकोक कारोबारी अमन कनोड़िया के कार्यालय पर छापा
चौथाईकुली (झरिया) में सुभाष साव के आवास पर कार्रवाई










