आर. आर. स्पोर्टिंग क्लब के दुर्गा पूजा पंडाल को वेटिकन सिटी के रूप में सजाने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है। विश्व हिंदू परिषद समेत कई हिंदू संगठनों ने इस पंडाल पर कड़ा आपत्ति जताई है। उनका आरोप है कि पंडाल का चर्च जैसा स्वरूप हिंदू धार्मिक भावनाओं को आहत करता है और इससे धर्मांतरण को बढ़ावा मिल सकता है।
इस बार रांची के रातू रोड स्थित आर. आर. स्पोर्टिंग क्लब में दुर्गा पूजा पंडाल की थीम इटली के वेटिकन सिटी के प्रसिद्ध वेटिकन संग्रहालय पर आधारित है। इस भव्य पंडाल के निर्माण पर लगभग 85 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है, जिसमें से 68 लाख रुपये सिर्फ पंडाल की सजावट और निर्माण पर ही लगाए जा रहे हैं।
हिंदू संगठनों का कहना है कि पंडाल का चर्च जैसी डिज़ाइन धार्मिक आस्था के खिलाफ है और यह हिंदू धर्म के प्रति संवेदनशील लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचा रहा है। वहीं, पंडाल आयोजक इस थीम को एक अनोखे सांस्कृतिक प्रस्तुति के रूप में पेश कर रहे हैं।
यह विवाद स्थानीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है और धार्मिक संगठनों के बीच इसे लेकर बातचीत जारी है।










