झारखंड मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज नियुक्ति समारोह में कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डॉक्टरों को देश के बड़े अस्पतालों का मेडिकल टूर कराया जाएगा, ताकि वे वहां की कार्यप्रणाली और बेहतर सुविधाओं को समझ सकें। उन्होंने नवनियुक्त स्वास्थ्यकर्मियों और चिकित्सकों को यह भी याद दिलाया कि उन्हें मिलने वाला वेतन जनता के पैसे से आता है, इसलिए आम लोगों की सेवा और उनकी अपेक्षाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देना उनकी जिम्मेदारी है।
रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में स्वास्थ्य विभाग के तहत आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 262 नवनियुक्त स्वास्थ्यकर्मियों और अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार हर व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और इसी उद्देश्य से बड़े पैमाने पर नियुक्तियां की जा रही हैं।
सबसे अधिक बोझ भी सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था ही उठाती है
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों को लेकर अक्सर सवाल उठते हैं, लेकिन सबसे अधिक बोझ भी सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था ही उठाती है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि समेत सभी विभागों में पर्याप्त मानव संसाधन जरूरी हैं और इसी सोच के तहत राज्य में लगातार नियुक्तियां की जा रही हैं।
नवनियुक्त चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने उन्हें अपनी व्यवस्था का हिस्सा बनाया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को मिलने वाला वेतन जनता के पैसे से आता है, जो विभिन्न माध्यमों से सरकार तक पहुंचता है। इसलिए हर कर्मी का दायित्व है कि वह पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे तथा जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।
काम के दौरान गलतियां हो सकती हैं
उन्होंने कहा कि काम के दौरान गलतियां हो सकती हैं, लेकिन प्रयास यह होना चाहिए कि गलतियां कम से कम हों और उनसे सीख लेकर सुधार किया जाए। उन्होंने कर्मियों को अपने दायित्वों से पीछे नहीं हटने की सलाह देते हुए कहा कि जिस काम के लिए उन्हें चुना गया है, उसे पूरी निष्ठा से करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में डॉक्टरों को भगवान का दर्जा दिया जाता है और सरकार को उनसे काफी उम्मीदें हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार चिकित्सकों के साथ जिम्मेदारीपूर्वक खड़ी रहेगी और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए हर संभव सहयोग देगी।
स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक नई पहल
स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक नई पहल का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि झारखंड के डॉक्टरों को देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों में भेजने की व्यवस्था की तैयारी हो। उन्होंने कहा कि एम्स, अपोलो और अन्य बड़े अस्पतालों की कार्यशैली, संसाधनों के उपयोग और सेवा गुणवत्ता को समझने के लिए चिकित्सकों को मेडिकल टूर का अवसर मिलना चाहिए। इससे यह जानने में मदद मिलेगी कि बेहतर परिणाम कैसे हासिल किए जा सकते हैं और सीमित संसाधनों में झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को किस तरह और प्रभावी बनाया जा सकता है।










