केंद्रीय सरना समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज शुक्रवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी से उनके आवास पर मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दों को विधानसभा में प्रमुखता से उठाने की मांग की। इनमें जमीन लूट, कृषि योग्य जमीन पर जबरन निर्माण, राज्य की खनिज संपदा के दोहन और बिगड़ती कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दे शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि पिछले छह वर्षों में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में आदिवासी-मूलवासी समाज के हित में ठोस काम जमीन पर दिखाई नहीं दे रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को सरना अंगवस्त्र और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया तथा आदिवासी-मूलवासी समाज की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर केन्द्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा, मुख्य पहान जगलाल पहान, महासचिव महादेव टोप्पो, झारखंड आंदोलनकारी कुमोद कुमार वर्मा, पूर्व महापौर प्रत्याशी सुरेंद्र लिंडा और समिति के सक्रिय सदस्य मुकेश मुंडा सहित कई लोग मौजूद थे।









