झारखंड के धनबाद जिले में धनबाद पुलिस ने भगोड़े अपराधी प्रिंस खान की गिरफ्तारी को लेकर अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. इसी कड़ी में धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में पुलिस सभागार में मासिक क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया. बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी समेत जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी और सर्कल इंस्पेक्टर मौजूद रहे.
लंबित मामलों के निपटारे पर जोर
क्राइम मीटिंग के दौरान लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. एसएसपी ने साफ तौर पर कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. खास तौर पर धनबाद से फरार चल रहे अपराधी प्रिंस खान को लेकर पुलिस पूरी तरह सक्रिय है. एसएसपी प्रभात कुमार ने भरोसा दिलाया कि प्रिंस खान को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उसके नाम पर धमकी और अवैध वसूली करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस लगातार उसके सहयोगियों पर कार्रवाई कर रही है और कई लोगों को जेल भेजा जा चुका है.
CBI के साथ भी हुई बैठक
प्रिंस खान की गिरफ्तारी को लेकर सीबीआई अधिकारियों के साथ भी बैठक की गई है. जिससे जल्द ही इस मामले में बड़ा एक्शन देखने को मिल सकता है.
आम जनता से अपील
व्यापारियों और आम जनता से अपील करते हुए एसएसपी ने कहा कि डरने की कोई जरूरत नहीं है. धनबाद पुलिस 24 घंटे उनकी सुरक्षा के लिए तैयार है. जरूरत पड़ने पर लोग किसी भी समय पुलिस से संपर्क कर सकते हैं.










